★ वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक।
इंदौर-15 जून 2026- विश्व वरिष्ठ नागरिक दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में, इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए एक विशेष जागरूकता सेमिनार का आयोजन आज दिनांक 15.06.26 को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं उनके साथ होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक एवं आर्थिक दुर्व्यवहार की रोकथाम हेतु जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति में, अति.पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) इंदौर श्रीमती सीमा अलावा एवं वरिष्ठ परामर्शदाता श्रीमती माया भोरा, स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. सुयश ठाकुर, आयुष्मान भारत योजना के जिला समन्वयक श्री राहुल चौकसे तथा अरुणा हेल्पलाइन से जुड़े श्री के.के. बिरला सहित नगर रक्षा समिति के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्य एवं अन्य वरिष्ठ नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने सभी वरिष्ठ नागरिकगण का अभिवादन करते हुए कहा कि, वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने उपस्थित वरिष्ठजनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने तथा सेवानिवृत्ति के पश्चात जीवन को सकारात्मक, सक्रिय एवं आनंदमय ढंग से जीने के संबंध में प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से समाज में अपने अनुभवों का लाभ युवा पीढ़ी को देने तथा आत्मनिर्भर एवं जागरूक बने रहने का आह्वान किया। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा साइबर अपराध की स्थिति में वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने का कहा।
कार्यशाला के दौरान एडिशनल डीसीपी श्रीमती सीमा अलावा व अतिथि विशेषज्ञों ने वरिष्ठजनों से रूबरू होते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की, जिसमें श्री राहुल चौकसे द्वारा सभी को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। डॉ. सुयश ठाकुर ने बढ़ती आयु में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।
वरिष्ठ परामर्शदाता श्रीमती माया भोरा ने वरिष्ठ नागरिकों के समक्ष आने वाली सामाजिक, मानसिक एवं भावनात्मक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान एवं सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
वहीं श्रीमती रचना जौहरी द्वारा सभी को डिजिटल अरेस्ट, साइबर अपराधों एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा निर्मित साइबर जागरूकता शॉर्ट मूवी का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने सराहा।
कार्यशाला के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों द्वारा रखी गई विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा कर उनके समाधान हेतु आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए किया गया।






