अब आसमान से भी रहेगी यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों पर नजर।

 

ड्रोन पेट्रोलिंग की सहायता से यातायात पुलिस व्यस्ततम मार्गो, चौराहों पर सतत निगरानी रख, करेगी उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्यवाही ।

           

इंदौर – शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर के सिंह व पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा  के प्रति जागरूकता के साथ ही लगातार नित नए प्रयास कर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

 

इसी अनुक्रम में आज दिनांक 19.02.26 को पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक और नया कदम बढ़ाया है। इंदौर शहर के यातायात को और व्यवस्थित व बेहतर करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा अत्यधिक ड्रोन तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है जिसके तहत शहर के प्रमुख चौराहा और मार्गो की डिजिटल मॉनिटरिंग हाई रेजोल्यूशन ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जा रही है।

 

अब सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, लेफ्ट टर्न बाधित करने वाले, रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने वाले, नो पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले, दुकानों के बाहर भीड़ एकत्रित कर यातायात को बाधित करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्यवाही की जावेगी जिसकी शुरुआत आज से की गई है।

 

पुलिस कंट्रोल रूम में स्क्रीन पर अधिकारियों ने, ड्रोन के माध्यम से पलासिया, गीता भवन चौराहा, इंद्रप्रस्थ चौराहा, इंडस्ट्री हाउस, आनंद बाजार, रीगल आदि चौराहा और इसे लगे प्रमुख मार्गो आदि पर की गई डिजिटल पेट्रोलिंग से सड़कों पर निगरानी रखी और जिन वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था जैसे कुछ वाहनों द्वारा नो पार्किंग में वाहन खड़े कर यातायात बाधित किया जा रहा था, कुछ रॉन्ग साइड वाहन चला रहे थे उन्हें चिन्हित कर सेट पर ही संबंधित स्थान के आसपास लगे पुलिस बल को बताकर उक्त वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई।

इस दौरान यातायात को अवरुद्ध करने वाली कुछ बाधाओं को भी हटाया गया, ठेल आदि को भी साइड में करवाया गया, दुकानों के सामने भीड़ हटवाई गई ताकि लोगों को सुखद व सुचारू यातायात मिल सके।

 

पुलिस कमिश्नर इंदौर ने कहा कि हमारा लक्ष्य तकनीक के माध्यम से जनता के सफर को सुरक्षित और सुखद बनाना है।  ड्रोन तकनीक हमारे लिए बहुत उपयोगी  सिद्ध होगी,इससे न केवल मैनपावर की बचत होगी, बल्कि उन क्षेत्रों में भी नजर रखना आसान होगा, जहाँ पुलिसकर्मी भौतिक रूप से तुरंत नहीं पहुँच सकते।

 

सड़कों पर ड्रोन पेट्रोलिंग से यातायात पुलिस को निम्न प्रकार से सहायता मिलेगी तथा कार्यप्रणाली और बेहतर होगी-

 

* नियम उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही

 

* जाम व यातायात बाधित होने की स्थिति में बेहतर कंट्रोल

 

* दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया व सहायता

 

* रात में भी सड़को व चौराहा पर बेहतर निगरानी

 

आमजन से अपील:-

इंदौर पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। डिजिटल निगरानी प्रणाली अब शहर में सक्रिय की जा रही है। इसके माध्यम से नियमों का  उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध ई-चालान की प्रक्रिया ड्रोन फुटेज के आधार पर की जाएगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content