◆ सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनजागृति हेतु यातायात जागरूकता रथ शहर में करेगा भ्रमण
◆ हेलमेट स्क्रैप प्रतिकृति, डिजिटल स्क्रीन द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश, लघु फिल्में और वीडियो क्लिप के माध्यम से किया जाएगा, आमजन को जागरूक।
इंदौर- सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आमजन मानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर के सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में लगातार नित नए प्रयास कर, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहें है।
इस कड़ी में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत पुलिस आयुक्त, नगरीय इन्दौर श्री सन्तोष कुमार सिंह द्वारा “यातायात जागरूकता डिजिटल रथ” को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त श्री राजेश कुमार त्रिपाठी व यातायात के पुलिस अधिकारीगण, ट्रैफिक प्रहरी, नागरिक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस जागरूकता रथ का उद्देश्य शहरवासियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखें, यही हमारा ध्येय हैं।
यह रथ शहर के चारों ज़ोन में प्रमुख चौराहों, मार्गों पर भ्रमण करेगा। रथ में हेलमेट की आकर्षक प्रतिकृति से हेलमेट के महत्व को समझाया जाएगा। रथ में लगे डिजिटल स्क्रीन, जागरूकता संदेशों के फ्लैक्स एवं ऑडियो-विजुअल सिस्टम के माध्यम से नागरिकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश, लघु फिल्में और वीडियो क्लिप दिखाए जाकर, यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।





