गीत और शॉर्ट फिल्म के माध्यम से भी गूंजेगा नशे से दूरी है जरूरी (Say no to Drugs) का संदेश

  

डीसीपी क्राइम श्री राजेश कुमार त्रिपाठी ने गीत के माध्यम से दिया प्रभावी संदेश— “भैया, नशे से दूरी है ज़रूरी… जीवन की हर खुशियां हैं ज़रूरी।”

 

जनजागरूकता रथों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न स्क्रीन के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जाएगा ये संदेश कि, “नशे से दूरी है जरूरी…”

 

इंदौर। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन में जागरूकता लाने तथा युवाओं एवं समाज को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत निरंतर नवाचारपूर्ण जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में दिनांक 17 जुलाई 2026 को पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा नशे के विरुद्ध जनजागरूकता गीत एवं नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित शॉर्ट फिल्म के वीडियो का लोकार्पण किया गया।

 

नशे के विरुद्ध जागरूकता के उद्देश्य से डीसीपी क्राइम श्री राजेश कुमार त्रिपाठी द्वारा गाया गया गीत—

“भैया, नशे से दूरी है ज़रूरी… जीवन की हर खुशियां हैं ज़रूरी”

नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने का प्रभावी संदेश देता है।

 

इसी प्रकार, नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित शॉर्ट फिल्म के माध्यम से यह दर्शाया गया है कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है।

 

इन जागरूकता वीडियो को इंदौर पुलिस द्वारा संचालित जनजागरूकता रथों, विभिन्न सार्वजनिक स्थलों तथा प्रमुख स्थानों पर लगी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, ताकि नशे से दूर रहने का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

 

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इंदौर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध जनजागृति के लिए निरंतर नए एवं प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग एवं हर आयु समूह के नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें नशे के नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे से स्वयं दूर रहें तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें।

 

अवैध मादक पदार्थों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें

 

अभियान के दौरान आमजन की सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आसपास अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना किसी संकोच के पुलिस को दें।

 

इसके लिए इंदौर पुलिस द्वारा क्राइम वॉच हेल्पलाइन नंबर 7019108283 जारी किया गया है।

 

साथ ही, “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताओं (पेंटिंग, रंगोली, स्लोगन, कविता, निबंध लेखन, ओपन माइक) की जानकारी भी पोस्टर्स के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई गई, ताकि नागरिकों, विशेषकर युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

 

इंदौर पुलिस का यह अभियान जनसहभागिता के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में निरंतर जारी है।

 

नशे से दूरी है ज़रूरी…

जीवन की हर खुशियां हैं ज़रूरी।

keyboard_arrow_up
Skip to content