◆ पुलिस आयुक्त इंदौर ने बच्चों की यातायात नियमों के लिए प्रेरक प्रस्तुति की प्रशंसा कर, सभी के प्रयासों को सराहा।
इंदौर। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आज दिनांक 19.05.26 को यातायात पुलिस नगरीय इंदौर द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आरके सिंह, पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी की उपस्थिति में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस दौरान बीट किलर डांस स्टूडियो के बच्चों द्वारा रोड सेफ्टी सॉन्ग पर आकर्षक डांस कर सड़क सुरक्षा के विभिन्न संदेशों को अपनी कला के माध्यम से प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाया गया। उन्होंने वाहन पर क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, शराब पीकर वाहन ना चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग नही करने, रेड लाइट का पालन करने, गलत दिशा में वाहन ना चलाने, हेलमेट/सीटबेल्ट का उपयोग करने सहित अन्य संदेशों को डांस स्टेप, तख्तियों के माध्यम से प्रभावी रूप से समझाया।
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा बच्चों व डांस ट्रेनर की प्रशंसा की गई। इस दौरान बच्चों के परिजन भी उपस्थित रहे।
यातायात पुलिस द्वारा लगातार सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।





