हर विद्यार्थी बनेगा, “नशे से दूरी है जरूरी” का संदेशवाहक
🚔 इंदौर पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत अभिनव प्रयास…
▪️Say no to Drugs का संदेश जन जन तक पहुंचाने के लिए, 25 जुलाई को वुमेन वॉकेथॉन, 26 जुलाई को मैराथन तथा 28 जुलाई को ई-शपथ का होगा आयोजन।
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी अनुक्रम में आज 23 जुलाई को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव संबंधी महत्वपूर्ण संदेशों से युक्त शैक्षणिक सामग्री (6000 जागरूकता कॉपियों) के वितरण अभियान का शुभारंभ करते हुए, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल विनोबा नगर के विद्यार्थियों को कॉपियां वितरित की गईं। ये शैक्षणिक सामग्री आगामी दिनों में शहर के विभिन्न स्कूलों/शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को वितरित की जाएंगी, जिससे युवा वर्ग में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस अवसर पर अभियान के अंतर्गत शहरभर में संचालित किए जाने वाले “हस्ताक्षर अभियान” हेतु तैयार विशेष रजिस्टर का लोकार्पण भी किया गया। इसके माध्यम से नागरिकगण नशे के विरुद्ध अपनी सहभागिता दर्ज कर एक नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के लिए प्रेरित होंगे।
साथ ही आगामी 25 जुलाई को आयोजित वुमेन वॉकेथॉन, 26 जुलाई को मैराथन तथा 28 जुलाई को ई-शपथ अभियान के पोस्टरों का भी विमोचन किया गया। ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन आयोजनों से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें।
कार्यक्रम की एक अन्य महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने वाली दो लघु जागरूकता फिल्मों (शॉर्ट फिल्म) का भी लोकार्पण किया गया। इन फिल्मों का प्रदर्शन अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित जागरूकता रथों, स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक नागरिकों तक “नशे से दूरी है ज़रूरी” का प्रभावी संदेश पहुँचाया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। यदि हमारे युवा नशे से दूर रहेंगे तो उनका परिवार, समाज और राष्ट्र भी सुरक्षित एवं सशक्त बनेगा। इंदौर पुलिस का ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान केवल पुलिस का नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है, जिसमें हर नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। और ये बड़े गर्व की बात है कि, लाखों की संख्या में इंदौर के जागरूक आमजन, भौतिक और ऑनलाइन रूप से इसका हिस्सा बन भी रहे”
इस अवसर पर अति पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) नगरीय इंदौर श्री आर. के. सिंह, अति पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) नगरीय इंदौर श्री मयंक अवस्थी, सभी पुलिस उपायुक्तगण, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, विनोबा नगर के शिक्षक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
इंदौर पुलिस ने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील करती है कि, वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त भारत के निर्माण के इस जनआंदोलन से जोड़ते हुए “नशे से दूरी है ज़रूरी” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने में सहभागी बनें।






