स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का एक और कदम
▪️कानून व्यवस्था व किसी भी आकस्मिक परिस्थितियों में आधुनिक ड्रोन का उपयोग कर, और बेहतर व प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा नियंत्रण।
इंदौर – पुलिस की कार्यप्रणाली को और बेहतर व प्रभावी बनाने हेतु पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नित नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्मार्ट पुलिसिंग के तहत कार्यप्रणाली को और प्रभावी एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आधुनिक ड्रोन तकनीक को पुलिस कार्यों में शामिल किया जा रहा है, जिसके तहत हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में असामाजिक तत्वों और बदमाशों पर निगरानी हेतु ड्रोन पेट्रोलिंग की जा रही है तथा ड्रोन सर्विलांस से यातायात प्रबंधन व कार्यवाही भी की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 29.04.26 को नए विकसित अत्याधुनिक ड्रोन का विस्तृत डेमोंस्ट्रेशन डीआरपी लाइन इंदौर में आयोजित किया गया।
डेमोंस्ट्रेशन के दौरान इंदौर पुलिस के नए अत्याधुनिक ड्रोन जिनमें हाई रेजोल्यूशन कैमरा, विभिन्न प्रकार की लाइट्स व माइक की सुविधा है, का प्रदर्शन भी किया गया जिन्हें रूटीन पुलिस कार्यवाही जैसे भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ड्रोन का उपयोग किस प्रकार बेहतर हो सकता है प्रदर्शन किया गया।
इन ड्रोन में हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, रियल-टाइम वीडियो ट्रांसमिशन, नाइट विज़न जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे पुलिस को मौके की सटीक जानकारी तुरंत प्राप्त होती है और आवश्यक कार्यवाही शीघ्रता से की जा सकती है।
इनके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों—जैसे आगजनी, दुर्घटना या अन्य आपदाओं में त्वरित प्रतिक्रिया एवं राहत कार्यों में समन्वय स्थापित करने की उनकी क्षमता को भी दर्शाया गया।
विशेष रूप से Drone lab technology Ltd Ahmedabad द्वारा विकसित तीन प्रकार के अत्याधुनिक ड्रोन का प्रदर्शन किया गया—
* फायर फाइटिंग ड्रोन (वॉटर होस सिस्टम):
* अग्निशमन ड्रोन (फायर बॉल एक्सटिंग्विशिंग):
* सन ड्रोन (टेथर्ड एवं नॉन-टेथर्ड):
पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बनाना है। इस तकनीक के उपयोग से अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक मैनेजमेंट के साथ-साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सटीक प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आरके सिंह, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-02 श्री कुमार प्रतीक, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-01 श्री कृष्ण लालचंदानी, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-03 श्री राजेश व्यास, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-04 श्री आनंद कलादग़ी सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण की उपस्थिति में ड्रोन लैब टेक्नोलॉजी के मेजर अनिकेत जी व उनकी टीम ने ड्रोन का लाइव डेमो दिखाया गया।
इंदौर पुलिस द्वारा किया गया यह नवाचार शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।






