🔹 यातायात पुलिस के साथ कैडेट्स ने किया यातायात संचालन, वाहन चालकों को किया जागरूक।

 

🔹 बच्चों की अपील पर वाहन चालकों ने लिया यातायात नियमों के पालन का संकल्प।

 

इंदौर । सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ इंदौर के कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ पलासिया चौराहे पर यातायात संचालन में सहयोग कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी एवं यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी की उपस्थिति में कैडेट्स को यातायात संकेतों, सिग्नल, स्टॉप लाइन, ज़ेबरा क्रॉसिंग एवं सड़क सुरक्षा नियमों का प्रशिक्षण दिया गया।

 

इसके पश्चात कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ वाहन चालकों को रेड लाइट पर स्टॉप लाइन का पालन करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया। साथ ही, पैदल यात्रियों को ज़ेबरा क्रॉसिंग से सड़क पार कराने तथा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुगम बनाने में सहयोग दिया।

 

कैडेट्स की अपील का वाहन चालकों पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला और अनेक वाहन चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

 

इस पहल से कैडेट्स को यातायात व्यवस्था का व्यावहारिक अनुभव मिला। स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा इस जागरूकता संदेश को विद्यालयों, परिवारों एवं समाज तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिकाधिक नागरिक सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाएं।

keyboard_arrow_up
Skip to content