• यातायात पुलिस ने स्काउट्स एवं गाइड्स कैडेट्स को ऐप की सुविधाओं एवं ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया से कराया अवगत।

 

  • रेड लाइट उल्लंघन, गलत दिशा में और मोबाइल का उपयोग कर वाहन चलाने सहित विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर शिकायत करने की दी जानकारी।

 

  • यातायात पुलिस के साथ पलासिया चौराहे पर कैडेट्स ने ट्रैफिक प्रबंधन कर, वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति किया जागरूक।

 

इंदौर। शहर में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में इंदौर यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ इंदौर के श्री जय गोविंद गोपीनाथ हायर सेकेंडरी स्कूल के स्काउट्स एवं गाइड्स कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं यातायात प्रबंधन में सहभागिता की।

 

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी एवं यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी की उपस्थिति में यातायात पुलिस की टीम ने कैडेट्स को यातायात संचालन की प्रक्रिया, यातायात संकेतों, ट्रैफिक सिग्नल, स्टॉप लाइन, ज़ेबरा क्रॉसिंग तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी। इस अवसर पर स्काउट मास्टर संदीप सर एवं श्री उत्कर्ष चौधरी भी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कैडेट्स को ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप की उपयोगिता एवं उसकी विभिन्न सुविधाओं से अवगत कराना रहा। यातायात पुलिस की टीम ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से आम नागरिक भी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सीधे सहभागी बन सकते हैं तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की शिकायत आसानी से यातायात पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।

कैडेट्स को बताया गया कि यदि कोई वाहन चालक रेड लाइट का उल्लंघन करता है, गलत दिशा में वाहन चलाता है, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाता है, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करता है अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करता है, तो इसकी सूचना ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप के माध्यम से दी जा सकती है। प्राप्त शिकायतों का यातायात पुलिस द्वारा परीक्षण एवं सत्यापन किया जाता है तथा शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाती है।

इस पहल के माध्यम से नागरिक केवल यातायात नियमों का पालन करने वाले ही नहीं, बल्कि नियमों का उल्लंघन रोकने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय भागीदार भी बन सकते हैं।

कैडेट्स को यातायात पुलिस की ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 7049107620 के संबंध में भी जानकारी दी गई।

 

प्रशिक्षण के उपरांत कैडेट्स ने पलासिया चौराहे पर यातायात थाना प्रभारी श्री अरविंद दांगी की उपस्थिति में यातायात पुलिसकर्मियों के साथ यातायात संचालन में सहयोग किया। इस दौरान उन्होंने वाहन चालकों को रेड लाइट होने पर स्टॉप लाइन के पीछे रुकने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया।

साथ ही पैदल यात्रियों को ज़ेबरा क्रॉसिंग के माध्यम से सुरक्षित सड़क पार करने में सहायता की तथा आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुगम बनाने में भी सहयोग प्रदान किया।

 

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों की अनदेखी न केवल स्वयं के लिए, बल्कि दूसरों के जीवन के लिए भी खतरा बन सकती है। स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स अपने विद्यालय, परिवार एवं समाज में सड़क सुरक्षा के संदेश को पहुंचाकर जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

 

इंदौर यातायात पुलिस की यह पहल युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक एवं सड़क सुरक्षा अभियान का सक्रिय सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

keyboard_arrow_up
Skip to content