👮‍♂️ “ट्रैफिक सफारी” में 450 नन्हे-मुन्नों ने सीखा सड़क सुरक्षा का पाठ

 

🚌स्कूल बस की सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक सिग्नल तक समझे नियम, अब पैरेंट्स को भी करेंगे जागरूक

 

इंदौर। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन में जन-जागरूकता बढ़ाने के करने के उद्देश्य से, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस इंदौर द्वारा निरंतर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज “ट्रैफिक सफारी” का आयोजन किया गया।

 

इस पहल के अंतर्गत देल्ही पब्लिक एलिमेंट्री स्कूल के लगभग 450 नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रेसीडेंसी क्षेत्र स्थित ट्रैफिक पार्क, इंदौर का रोचक एवं ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण किया। यहां बच्चों को खेल-खेल में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम के दौरान यातायात निरीक्षक श्री नारायण सिंह डामोर, निरीक्षक सुश्री सीमा गुप्ता एवं आरक्षक सुमंत सिंह ने बच्चों से दोस्ताना अंदाज में संवाद करते हुए उन्हें यातायात संकेतों, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों तथा विभिन्न ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और पुलिसकर्मियों से यातायात से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान जाना।

इस दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ कहा—

“पुलिस हमारी दोस्त है” और “ट्रैफिक रूल्स हमारी सेफ्टी के लिए हैं।”

 

 

“ट्रैफिक सफारी” के दौरान बच्चों को स्कूल बस में सुरक्षित सफर से जुड़े महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी गई। बस में चढ़ते एवं उतरते समय बरती जाने वाली सावधानियों, बस के आसपास सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा यात्रा के दौरान अनुशासन का महत्व समझाया गया।

बच्चों को स्कूल बस में उपलब्ध पैनिक बटन, कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के बारे में बताया गया तथा इनके उपयोग एवं महत्व को सरल भाषा में समझाया गया।

 

🚦  यातायात पुलिसकर्मियों के साथ हाथों के संकेतों से ट्रैफिक कंट्रोल करने की गतिविधि को बच्चों ने उत्साहपूर्वक ट्रैफिक पुलिस की भूमिका को समझा और यातायात संचालन के संकेतों को स्वयं करके भी देखा।

पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि यातायात नियम किसी डर की वजह से नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। सड़क पर नियमों का पालन करके हम स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोगों का जीवन भी सुरक्षित रख सकते हैं।

 

 

“ट्रैफिक सफारी” बच्चों के लिए केवल एक शैक्षणिक भ्रमण नहीं रहा, बल्कि इसने पुलिस और बच्चों के बीच दोस्ती, विश्वास एवं संवाद का भी सुंदर संदेश दिया। छोटी उम्र में सड़क सुरक्षा के प्रति विकसित हुई यह समझ बच्चों को भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

विद्यालय की ओर से कॉर्डिनेटर दीपा यादव, प्रियंका गुप्ता एवं रेखा शर्मा ने बताया कि बच्चों में छोटी उम्र से ही सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस सप्ताह को “सड़क सुरक्षा सप्ताह” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बच्चों के लिए सड़क सुरक्षा विषय पर पेंटिंग, स्लोगन, कविता एवं ट्रैफिक पार्क भ्रमण जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए यातायात पुलिस इंदौर द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

 

यातायात पुलिस इंदौर का संदेश —

“बच्चे सीखेंगे ट्रैफिक नियम, परिवार भी होगा जागरूक;

जागरूक बचपन से ही बनेगा इंदौर सुरक्षित।”

keyboard_arrow_up
Skip to content