🔸  पुलिस कमिश्नर ने सुनी 90 आवेदकों की समस्याएं, त्वरित एवं निष्पक्ष कार्यवाही के दिए संबंधितों को दिशा-निर्देश

 

इंदौर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई के क्रम में आज दिनांक 23 जून 2026 को पुलिस कमिश्नर नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह ने पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके शीघ्र एवं न्यायोचित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

 

आज की जनसुनवाई में कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी के मध्य मतभेद, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं से संबंधित शिकायतें, वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर एवं ऑनलाइन फ्रॉड, आवेदकों के नाम पर फर्जी ऋण (लोन) लिए जाने की शिकायतें, किरायेदार एवं लेन-देन संबंधी विवाद, भूमि, प्लॉट एवं मकान संबंधी धोखाधड़ी, लंबित शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने संबंधी आवेदन तथा अन्य पुलिस संबंधी प्रकरण प्रमुख रूप से शामिल रहे।

 

पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं एवं व्यथा को संवेदनशीलता, धैर्य एवं गंभीरता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए तथा कई मामलों में दूरभाष के माध्यम से भी अधिकारियों से चर्चा कर प्रकरणों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र राहत एवं न्याय मिल सके।

 

जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा आवेदकों की शिकायतों का विस्तार से परीक्षण किया गया तथा कई मामलों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कराई गई।

 

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इंदौर पुलिस आमजन की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निराकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

 

जनसुनवाई के माध्यम से आमजन और पुलिस के मध्य संवाद, विश्वास एवं पारदर्शिता का दायरा निरंतर मजबूत हो रहा है, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी मंच उपलब्ध हो रहा है।

keyboard_arrow_up
Skip to content