🔹पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक आवेदन की व्यथा सुन, त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के दिए निर्देश।
इंदौर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में आज दिनांक 14 जुलाई 2026 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं एवं व्यथा को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समक्ष एवं दूरभाष के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रकरणों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आज की जनसुनवाई में कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, बेटों द्वारा माता-पिता को प्रताड़ित करने की शिकायतें, आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन, प्लॉट/मकान एवं भूमि संबंधी विवाद, मकान पर अवैध कब्जा, वित्तीय (फाइनेंशियल) फ्रॉड, महिला अपराध, पुलिस द्वारा सुनवाई न होने संबंधी शिकायतें तथा अन्य पुलिस संबंधी प्रकरण शामिल रहे।
पुलिस कमिश्नर ने उपस्थित सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि इंदौर पुलिस आमजन की सुरक्षा, न्याय एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
जनसुनवाई के दौरान अति पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी सहित सभी जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को विस्तार से सुनकर कई प्रकरणों में मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कराई तथा शेष मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, इंदौर पुलिस द्वारा मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से भी आपसी एवं पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग कर पक्षकारों के बीच संवाद स्थापित करने तथा विवादों का शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र समाधान कराने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे अनावश्यक विवादों एवं न्यायिक प्रक्रियाओं को कम किया जा सके।





