• आमजन को मानव तस्करी के तरीकों से अवगत कराते हुए, बताया कि, इसके विरुद्ध जागरूक होकर ही सुरक्षित होगा समाज

 

इंदौर। विश्व मानव तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर मानव तस्करी के पीड़ितों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसी क्रम में खजराना स्थित दरगाह मस्जिद परिसर एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय, इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा/अजाक) सुश्री संध्या राय ने लगभग 150 नागरिकों एवं विद्यार्थियों को मानव तस्करी के दुष्परिणामों, बचाव के उपायों तथा पीड़ितों के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मानव तस्करी एक गंभीर अपराध है, जिसमें पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों का जबरन श्रम, यौन शोषण या अन्य अवैध गतिविधियों के लिए शोषण किया जाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।

 

इसी प्रकार जनजागरूकता के उद्देश्य से शासकीय माध्यमिक विद्यालय, विजयनगर तथा महिला थाना इंदौर परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला थाना स्टाफ ने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, उसके गंभीर दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

 

विद्यार्थियों को समझाया गया कि झूठे रोजगार, शिक्षा, विवाह अथवा अन्य प्रलोभनों के माध्यम से किए जाने वाले किसी भी प्रकार के छल से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही यह भी बताया गया कि समय पर दी गई सूचना से मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम संभव है।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी मानव तस्करी के प्रति जागरूक करें, ताकि सभी के सहयोग से सुरक्षित, जागरूक एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content