- स्टूडेंट्स को यातायात नियमों की जानकारी के साथ ही बताया सड़क सुरक्षा का महत्व।
इंदौर शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/ मुख्यालय) एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा निरंतर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है।
इसी क्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागृति लाने के उद्देश्य से लॉरेल्स स्कूल इंटरनेशनल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में यातायात जोन-2 के एसीपी श्री लाल बहादुर बौद्ध ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया एवं यातायात नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान एसीपी श्री बौद्ध ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर सुरक्षित रहना केवल नियमों का पालन करना ही नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों की जान बचाने का माध्यम भी है। उन्होंने छात्रों को बिना लाइसेंस वाहन नहीं चलाने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, लाल बत्ती का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने सहित अन्य महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी।उन्होंने विद्यार्थियों प्रेरित किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों ने यातायात नियमों से संबंधित प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की।





