70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता 2026-27 के लिए चयन की दिशा में इंदौर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने परखी अपनी तकनीकी एवं वैज्ञानिक दक्षता।
इंदौर – बेहतर पुलिसिंग की दिशा में पुलिसकर्मियों में दक्षता उन्नयन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मुंबई (महाराष्ट्र) में 70वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता 2026-27 आयोजित की जावेगी। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य स्तर पुलिस ड्यूटी मीट में सहभागिता हेतु इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की टीम के चयन के लिए पुलिस कमिश्नर इंदौर के दिशा निर्देशन में एक दक्षता परीक्षा का आयोजन आज दिनांक को रानी सराय स्थित पुलिस कार्यालय में किया गया। इसमें इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के सभी जोन से अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजित चयन-परीक्षा में प्रतिभागियों ने फॉरेंसिक साइंस, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, क्रिमिनल लॉ एंड प्रोसीजर्स, मेडिको-लीगल एवं फिंगर प्रिंट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की प्रायोगिक परीक्षाओं में भाग लेकर अपनी तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पुलिस पोट्रेट की प्रायोगिक परीक्षा के माध्यम से भी प्रतिभागियों के कौशल एवं विशेषज्ञता का आकलन किया गया।
इस अवसर पर सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट, इंदौर के समस्त वैज्ञानिक अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया तथा विभिन्न विषयों में आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
इस आयोजन का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों में वैज्ञानिक अनुसंधान, अपराध विवेचना एवं आधुनिक तकनीकी विधियों के प्रति दक्षता और विशेषज्ञता को प्रोत्साहित करना है। चयनित प्रतिभागी मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट प्रतियोगिता में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का प्रतिनिधित्व करेंगे।


