🔹 नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, हस्ताक्षर अभियान, रैली, शॉर्ट फिल्म और शपथ… इंदौर पुलिस नित नए प्रयासों से कर रही है, लोगो को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक
🔹 विद्यार्थियों, शिक्षकों, दुकानदारों और आम नागरिकों ने भी इंदौर पुलिस के साथ जुड़कर दिया ‘Say No to Drugs’ का संदेश
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के तहत आज भी शहरभर में विविध जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
* अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा शाखा) श्रीमती संध्या राय एवं उनकी टीम ने दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल, धार रोड पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया तथा सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शपथ दिलाकर, नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
* इसी क्रम में अति पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दंडोतिया एवं उनकी टीम ने मार्थोमा पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
* क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा गवर्नमेंट गर्ल्स पॉलिटेक्निक कॉलेज, रेनबो किड्स हायर सेकेंडरी स्कूल एवं कनकेश्वरी हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई।
* थाना तेजाजी नगर पुलिस ने श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ नशामुक्ति जागरूकता रैली निकालकर समाज को नशे के विरुद्ध एकजुट होने का संदेश दिया।
* वहीं थाना एमआईजी पुलिस ने विद्यासागर स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ ही मानस हेल्पलाइन एवं अन्य सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान की।
* थाना छत्रीपुरा पुलिस ने लाबरिया भेरू मोहल्ला में रहवासियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशे से पीड़ित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए उपलब्ध नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की जानकारी भी दी।
* महिला थाना की टीम ने पलासिया चौराहे पर आमजन को जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई, जबकि थाना छोटी ग्वालटोली पुलिस ने शास्त्री ब्रिज के समीप दुकानदारों एवं लोक परिवहन वाहन चालकों को नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
* इसी प्रकार थाना कनाड़िया पुलिस ने बिचौली मर्दाना स्थित क्रोमा सेंटर की इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले स्क्रीन पर नशे के विरुद्ध जागरूकता आधारित लघु फिल्में एवं वीडियो प्रदर्शित कर बड़ी संख्या में नागरिकों तक प्रभावी संदेश पहुंचाया।
इंदौर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं बच्चों को भी इससे बचाएं तथा यदि कहीं भी ड्रग्स या अन्य मादक पदार्थों की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबर 7049108283 को दें।
जनसहभागिता ही नशामुक्त इंदौर और सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।






