- शो-रूम एवं दुकानों के बाहर तीन-तीन लाइन में खड़े वाहनों पर लगाए लॉक
- ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई देख, शोरूम कर्मचारियों ने गाड़ी हटाने के लिए लगा दी दौड़
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ( अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त श्री राजेश कुमार त्रिपाठी (प्रभारी यातायात) के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक को यातायात पुलिस की टीम द्वारा एसीपी यातायात श्री हिन्दू सिंह मुवेल द्वारा टीम के साथ पलासिया चौराहा से गीता भवन चौराहा के बीच नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस द्वारा देखा गया कि उक्त मार्ग पर कई शोरूम एवं दुकानों के बाहर वाहन अव्यवस्थित तरीके से तीन-तीन लाइन में खड़े किए गए थे, जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो रहा था तथा पैदल यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी हो रही थी। यातायात पुलिस की टीम द्वारा पहले तो मौके पर मौजूद ऐसे सभी वाहनों पर लॉक लगाकर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही क्षेत्र में अनाउंसमेंट के माध्यम से वाहन चालकों एवं दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने वाहन सड़क किनारे एवं नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े न करें।
यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि शोरूम एवं दुकानों में उपलब्ध पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, तथा ग्राहक भी अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल में ही पार्क करें, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
यातायात पुलिस द्वारा की गई उक्त कार्रवाई के पश्चात सड़क किनारे एवं फुटपाथ से वाहन हटाए जाने से क्षेत्र में यातायात पूर्व की तुलना में अधिक सुचारू हुआ तथा सड़कें चौड़ी एवं व्यवस्थित नजर आईं। वहीं पैदल यात्रियों को भी फुटपाथ पर चलने में सुविधा प्राप्त हुई। शहर में इस प्रकार के नो-पार्किंग क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें एवं शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग प्रदान करें।






