• वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच से अज्ञात जली हुई लाश की पहचान की गुत्थी सुलझाने में मिली सफलता। 
  • सिर में लगी मेडिकल प्लेट के सीरियल नंबर से गुजरात की निर्माता कंपनी तक पहुँची पुलिस, अस्पताल के रिकॉर्ड से हुई मृतक की पहचान। 
  • पत्नी के साथ संबंधों की शंका में आरोपी ने दिया था हत्या कांड को अंजाम।

 

इंदौर। पुलिस थाना आजाद नगर क्षेत्रांतर्गत दिनांक 21.11.2026 को रात्रि लगभग 10:30 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सिग्नेचर हाइट्स के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में एक व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा है। सूचना पर तत्काल पुलिस बल एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुँची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवाया गया। उक्त मामले में मर्ग क्रमांक 114/2026 कायम कर पुलिस द्वारा जांच प्रारंभ की गई। परंतु लाश जली होने से मृतक की पहचान एक चुनौती थी।

उक्त सनसनीखेज घटना पर पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर  श्री संतोष कुमार सिंह व अतिरि पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था श्री मयंक अवस्थी के निर्देशानुसार,पुलिस उपायुक्त जोन-1 श्री नरेंद्र रावत द्वारा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 श्री सुमित केरकेट्टा एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री रविंद्र बिलवाल के मार्गदर्शन में थाना आजाद नगर पुलिस एवं टेक्निकल टीम को दिशा निर्देश देकर लगाया गया। पुलिस की समन्वित टीम द्वारा वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया तो सफलता हाथ लगी।

मेडिकल प्लेट के यूनिक सीरियल नंबर से खुला पहचान का रास्ता–

पोस्टमार्टम के दौरान एक्स-रे जांच में मृतक के सिर में पूर्व ऑपरेशन के दौरान लगाई गई मेटल प्लेट दिखाई दी। इसके अतिरिक्त मृतक की गर्दन के नीचे बाज का टैटू एवं शरीर पर मिटाए गए नाम के निशान भी पाए गए।

पुलिस ने डॉक्टरों के सहयोग से उक्त मेडिकल प्लेट निकलवाकर जब्त की। प्लेट पर अंकित यूनिक सीरियल नंबर के आधार पर गुजरात के बड़ौदा स्थित निर्माता कंपनी से संपर्क किया गया। कंपनी से प्राप्त डिस्ट्रीब्यूटर की सूची के आधार पर इंदौर के संबंधित अस्पतालों में विस्तृत जानकारी जुटाई गई।

इस तकनीकी जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम अरविंदो अस्पताल पहुँची, जहाँ वर्ष 2025 में हुए ऑपरेशन के मेडिकल रिकॉर्ड, संबंधित डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ की सहायता से मृतक की पहचान विनय उर्फ हरिओम, इंदौर के रूप में हुई।

उक्त जानकारी पर पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने पर  बताया कि मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था। वर्ष 2025 में दुर्घटना में घायल होने के बाद आयुष्मान योजना के अंतर्गत अरविंदो अस्पताल में उसके सिर का ऑपरेशन हुआ था।

मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों एवं परिचितों से विस्तृत पूछताछ कर उसकी गतिविधियों  के संबंध में जानकारी जुटाई। प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अजय कपारिया, निवासी  इंदौर की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

पुलिस द्वारा संदेही को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उसे अपनी पत्नी के मृतक के साथ संबंध होने की शंका थी। इसी शंका के चलते उसने मृतक की हत्या की योजना बनाई। मामले में हत्या के बाद शव को जलाए जाने की परिस्थितियों को लेकर भी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।

प्रकरण में आरोपी अजय कपारिया, को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं विस्तृत विवेचना जारी है।

keyboard_arrow_up
Skip to content