- आरोपी मादक पदार्थ की तस्करी थार कार से करता था, जिसे पुलिस द्वारा जप्त किया गया है ।
- पूछताछ में अन्य तस्करों की जानकारी प्राप्त हुई ।
- अवैध मादक पदार्थ *एमडी ड्रग की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 03 तस्कर थाना कनाड़िया, इंदौर पुलिस की गिरफ्त में।
- अंतरराज्यीय तस्कर वैभव उर्फ बाबा युवतियों के साथ गिरोह बनाकर करता था अवैध ड्रग्स एमडी की तस्करी।
- गिरफ्तार आरोपियों में दो युवतियां भी हैं शामिल।
- गोवा सहित कई अन्य प्रदेशों के पब बार और क्लब में महंगे दामों में सप्लाई करते थे ड्रग्स।
- इंदौर शहर के बार/क्लब्स में ड्रग्स सप्लाई को लेकर आरोपियों से गहन पूछताछ जारी।
- आरोपीगण इवेंट्स कंपनी के नाम पर बड़ी-बड़ी पार्टियों का आयोजन कर, उनमें करते थे अवैध ड्रग्स की सप्लाई।
- पार्टियों में रईसों को रिझाने तथा पुलिस चेकिंग से बचने के लिए गिरोह की युवतियां भी करती थीं एम डी ड्रग्स की तस्करी।
- आरोपियों से एमडी ड्रग्स की सप्लाई के सोर्स के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी।
इंदौर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की खरीद- फरोख्त और तस्करी करने वालों के विरुद्ध सतत प्रभावी कार्यवाही जारी है। इसी अनुक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था श्री अमित सिंह एवं पुलिस उपायुक्त जोन – 2 श्री कुमार प्रतीक के द्वारा मुखबिर तंत्र को मजबूत कर समयबद्ध सूचना संकलन और गोपनीयता के आधार पर नशे के सौदागरों पर प्रहार करने हेतु निर्देश जारी किए गए जिसके तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन 2 श्री अमरेंद्र सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त ( खजराना) श्री कुंदन सिंह मंडलोई के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई- चैन को ध्वस्त करने हेतु विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई।
थाना कनाडिया द्वारा दिनांक 12 जनवरी 2026 को आरोपी अबान शकील को एमडी ड्रग्स के साथ में पकडा जाकर अपराध क्रमांक 29/26 पंजीबद्ध किया गया । आरोपी का माननीय न्यायालय से पीआर प्राप्त कर पूछताछ की गई, पूछताछ में एक अन्य तस्कर वैभव उर्फ बाबा शर्मा के संबंध में जानकारी दी गई । थाना कनाडिया पुलिस द्वारा उक्त संबंध में कार्यवाही करते हुये वैभव उर्फ बाबा को दो अन्य युवतियों साहित एमडी ड्रग्स के साथ पकडकर एक अन्य अपराध पंजीबद्ध किया गया ।
कनाडिया पुलिस द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान एक बिना नम्बर की इको स्पोर्ट्स कार डीपीएस स्कूल बायपास के पास खड़ी हुई नजर आई जो संदिग्ध प्रतीत होने पर, पुलिस टीम द्वारा कार के निकट जाकर चेक करने का प्रयास किया तभी उक्त कार का चालक पुलिस टीम को देखते ही कार में से निकलकर भागने का प्रयास करने लगा जिसको घेराबंदी कर पुलिस टीम द्वारा पकड़ा गया बाद मौके पर ही उक्त व्यक्ति की तलाशी ली गई जिसके पास से अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स की पैकेट बरामद हुई। उक्त व्यक्ति से नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम वैभव उर्फ अरुण उर्फ बाबा शर्मा उम्र 30 वर्ष निवासी महालक्ष्मी नगर इंदौर का होना बताया तथा उसने कार में बैठी युवतियों के पास भी एमडी ड्रग्स होने की बात कही तब पुलिस टीम द्वारा कार में बैठी हुई दोनों युवती रिशु झा और अलीशा मसीह की विधिसंगत तलाशी ली गई, इन दोनों के वस्त्रों में से भी अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स की पैकेट मिलीं।
उपरोक्त तीनों को विधिवत अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपिया रिशु झा उर्फ नेहा ने बताया कि वह मूलत अंधेरी ईस्ट मुंबई की रहने वाली है तथा आरोपी बाबा के साथ बड़ी-बड़ी क्लब और बार की पार्टियों में जा जाकर अवैध एमडी ड्रग्स की सप्लाई करती है इसके अलावा आरोपिया अलीशा मसीह उर्फ जैनी ने बताया कि मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की रहने वाली है जो कि बाबा शर्मा के साथ ही क्लब पार्टियों में जाकर युवाओ को महंगी कीमत पर एमडी ड्रग्स की पुड़ियां बनाकर सप्लाई करती है।
आरंभिक पूछताछ में बाबा शर्मा के तार गोवा के कई क्लब पार्टियो के अतिरिक्त अन्य प्रदेशों से भी जुड़े होना ज्ञात हुए हैं तथा आशंका है कि इंदौर शहर के कई ठिकानों और क्लबों में वह युवतियों की सहायता से आसानी से एमडी ड्रग्स सप्लाई करता है इस संबंध में बाबा शर्मा से विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा यह ज्ञात हुआ है कि सामान्यतः सड़कों पर होने वाली पुलिस चेकिंग में बचने के लिए और नशे के आदी युवाओं तक ड्रग्स सप्लाई हेतु आसानी से पहुंच बनाने के लिए बाबा इस कारोबार में अपने साथ युवतियों को रखता था।
उक्त तीनों आरोपियों को विधिवत पुलिस अभिरक्षा में लिया जाकर थाना कनाड़िया इंदौर में अपराध क्रमांक 37/2025 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है उक्त आरोपियों से 10 ग्राम एम डी ड्रग्स और एक बिना नंबर की इको स्पोर्ट कार को भी जप्त किया गया है।
पुलिस रिमांड लेकर आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जाएगी जिसमें कहां से ये लोग एमडी ड्रग्स खरीद कर लाते थे तथा किन-किन बार अथवा क्लब संचालकों की इस नशे के कारोबार में सक्रिय भूमिका है इसके महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को मिलने की संभावना है।
इंदौर पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु कनाड़िया पुलिस इंदौर, सदैव प्रतिबद्ध है।
जप्त MD ड्रग
- आरोपी अभान शकील से 5.15 ग्राम
- बाबा उर्फ वैभव शर्मा 5.1 ग्राम
- नेहा उर्फ रिशु 2.5 ग्राम
- अलीशा उर्फ जैनी मसीह 3.24 ग्राम
अब तक कुल जप्त MD ड्रग 15.95 ग्राम
जप्त वाहन –
- महेन्द्रा कंपनी की थार गाडी
- फोर्ड कंपनी की ईको स्पोर्ट
जप्त सामग्री की कुल कीमत – 32 लाख रूपये





