- सुबह 11 बजे से लागू होगा यातायात डायवर्सन, प्लान
आज दिनाँक को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) श्री राजेश कुमार सिंह पुलिस एवं पुलिस उपायुक्त, यातायात श्री आनंद कलादगी द्वारा दिनांक 18 जनवरी 2025 को होलकर स्टेडियम, इंदौर में आयोजित होने वाले भारत एवं न्यूजीलैंड के मध्य वनडे क्रिकेट मैच के दौरान सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु यातायात प्रबंधन पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग ली गई।
इस दौरान पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्सन, प्रमुख चौराहों एवं विभिन्न ड्यूटी पॉइंट्स का विस्तार से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि मैच के दौरान आम नागरिकों एवं दर्शकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित रखा जाए।
उन्होंने बताया कि नो-पार्किंग क्षेत्रों में किसी भी प्रकार से वाहन खड़े न हों, इसके लिए यातायात क्रेन सपोर्ट सिस्टम एवं अनाउंसमेंट पार्टी द्वारा लगातार भ्रमण किया जाएगा। साथ ही, निर्धारित पार्किंग स्थलों तक वाहन चालकों को पहुंचने में सुविधा हो, इसके लिए सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
यह भी स्पष्ट किया कि स्टेडियम के आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्रों में सुबह 11:00 बजे से डायवर्सन प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके पश्चात केवल पैदल दर्शक, टिकटधारी एवं पासधारी वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने तथा आमजन से विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मैच के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।





