आज दिनांक 14/03/2026 को थाना संयोगितागंज क्षेत्र अंतर्गत स्थित महाराजा यशवंतराव अस्पताल (MYH) इंदौर का व्यापक सुरक्षा ऑडिट किया गया। यह सुरक्षा ऑडिट अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।
उक्त सुरक्षा ऑडिट के दौरान BVG India Limited के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों का विस्तृत रूप से अवलोकन किया गया, जिसमें ड्यूटी डॉक्टर कक्ष, सीएमओ (CMO) कार्यालय, इमरजेंसी विभाग, कैजुअल्टी वार्ड एवं प्रिजनर वार्ड का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, मरीजों एवं उनके परिजनों की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा गार्डों की तैनाती तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में संचालित एम्बुलेंस सेवाओं की भी जांच की गई। एम्बुलेंस चालकों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें अस्पताल परिसर में अनुशासन बनाए रखने, मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने देने के संबंध में समझाइश दी गई। साथ ही सभी को अस्पताल परिसर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा ऑडिट के दौरान अस्पताल परिसर में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी (Drone Surveillance) की गई। ड्रोन के जरिए MYH परिसर के सुनसान एवं कम भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा की दृष्टि से जांच की गई तथा पूरे परिसर में ड्रोन पेट्रोलिंग कर संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की गई, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
उक्त कार्यवाही डीसीपी जोन-03 श्री राजेश व्यास, एडिशनल डीसीपी जोन-03 श्री रामसनेही मिश्रा के मार्गदर्शन एवम एसीपी संयोगितागंज श्री तुषार सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी संयोगितागंज एवं पुलिस बल द्वारा की गई। पुलिस प्रशासन द्वारा अस्पताल परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।






