- शराब खरीदने के दौरान हुए विवाद पर आरोपी ने सिर कुचल की थी व्यक्ति की हत्या
- आरोपी को तकनीकी साक्ष्य के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित किया गिरफ्तार
पुलिस थाना लसुडिया पर सूचनाकर्ता सुरेंद्र पाल निवासी सेक्टर स्कीम नंबर 136 इंदौर ने सूचना दी कि दिनांक 17.4.26 को सुबह करीब 7:00 बजे रोज की तरह टहलने निकला था, जैसे ही मैं स्कीम नंबर 136 हरसिंगार परिसर के सामने स्थित गार्डन के गेट पर पहुंचा तो मैंने देखा कि एक व्यक्ति उम्र करीब 45 साल का गार्डन के पास चित अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके सर पर चोट लगी थी और खून निकल रहा था चेक किया तो उस व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी। उक्त सूचना पर थाना लसूडिया में धारा 194 BNSS का पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया ।
पुलिस टीम द्वारा मर्ग जांच के दौरान मृतक की पहचान कड़वा पिता राजाराम दांगोड़े उम्र 51 साल निवासी ग्राम बोरगांव थाना भीकनगांव जिला खरगोन हाल निवासी 39/7 कबीर खेड़ी, लहिया कॉलोनी इंदौर के रूप में हुई। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना लसूडिया में अपराध धारा 103 (1) BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर अज्ञात आऱोपियो की गिरफ्तारी के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा दिये गये। उक्त निर्देशों के अनुक्रम मे अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) नगरीय इंदौर श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त जोन 2 श्री कुमार प्रतीक के मार्गदर्शन मे अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन 2 श्री अमरेंद्र सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त विजयनगर श्री पराग सैनी के द्वारा थाना प्रभारी लसूडिया श्री तारेश सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर अज्ञात आरोपी को पकड़ने के लिए समुचित दिशा निर्देश देकर कार्यवाही के लिए लगाया।
पुलिस टीम द्वारा उक्त निर्देशों पर कार्यवाही करते हुए घटनास्थल के आसपास तलाश की गई तो घटनास्थल एक सूनसान स्थान था, जिसके आसपास एवं नजदीकी रास्तों में भी कोई जानकारी या सीसीटीव्ही फुटेज उपलब्ध नहीं थे। मृतक की शिनाख्त में मृतक का एमआर-10 स्थित होटल ढाबों पर मजदूरी करना ज्ञात हुआ,। इसी आधार पर पुलिस टीम द्वारा घटना के संबंध में तलाश प्रारम्भ की गई, तो पुलिस टीम को यह जानकारी मिली कि मृतक कड़वा घटना दिनांक को एमआर-10 शराब दुकान पर दिखाई दिया था। पुलिस टीम ने शराब दुकान में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरा को खंगालना शुरू किया, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति मृतक को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले जाते हुए दिखाई दिया।
पुलिस टीम द्वारा उक्त अज्ञात व्यक्ति के हुलिए के आधार पर तलाश करना शुरू कर जानकारी एकत्र की गई जो सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति प्रमोद वैद्य निवासी इंदौर का है । प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही प्रमोद वैद्य की तलाश की गई जो आरोपी रात करीब 1:00 बजे निरंजनपुर मंडी तरफ जाते हुए दिखाई दिया जिसे पुलिस टीम के द्वारा पकड़ कर पूछताछ की गई आरोपी ने अपना नाम प्रमोद वैध उज्जैन होना बताया।
आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि मृतक कड़वा को कई दिनों से जानता पहचानता था, दिनांक 16.4.26 को रात्रि करीब 11:30 बजे जब वह MR 10 स्थित शराब की दुकान से शराब खरीद कर ले जा रहा था तभी उसे मृतक कड़वा मिला और शराब पिलाने की जिद करने लगा इसी बात पर से दोनों के बीच गाली गलौज हो गई जब मृतक कड़वा अपने घर जा रहा था तभी रास्ते में आरोपी ने शराब दुकान के पास हुई गाली गलौज का बदला लेने के लिए घर छोड़ने के बहाने उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाया और हरसिंगार परिसर के सामने स्थित सुनसान गार्डन के पास ले गया वहां मृतक के साथ मारपीट कर उसे नीचे गिरा दिया और उसके सिर पर पास में पड़े ब्लॉक से तीन-चार वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के संबंध में अन्य कारणों की विस्तृत पूछताछ करने के लिए आरोपी का माननीय न्यायालय से रिमांड लिया जाएगा।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी लसुडिया श्री तारेश सोनी व उनकी टीम, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ठाकुर, उ.नि. कैलाश मास्कोले, प्र.आर. 1532 नीरज रघुवंशी, प्र.आर. 1803 रविन्द्र सिंह कुशवाह, आर 1574 आनंद जाट, आर 2267 दिनेश गुर्जर, आर 4058 हेमराज सिलोटे, आर. आकाश व साइबर सेल जोन-2 की टीम से आर. प्रवीण सिंह चौहान द्वारा लगातार मेहनत करते हुए अज्ञात आरोपी को पकड़ने और मोटर साइकिल की जप्ती में सराहनीय भूमिका रही।





