🔹 साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों से गुम मोबाइल फोन किए बरामद।
🔹 मोबाइल फोन वापस पाकर नागरिकों ने इंदौर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
इंदौर – शहर में लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु ऑनलाइन आधुनिक तकनीकी का उपयोग कर, प्रभावी कार्यवाही के निर्देश पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी द्वारा दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़ , अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमरेंद्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त विजय नगर श्री पराग सैनी के मार्गदर्शन में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अनुक्रम में थाना प्रभारी लसूडिया श्री राजकुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना पुलिस एवं साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 50 से ज्यादा गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें बरामद किया गया।
इसी कड़ी में आज दिनांक 21.10.2026 को थाना लसूडिया परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमरेंद्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त विजय नगर श्री पराग सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में 50 से अधिक गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए।
उल्लेखनीय है कि विगत समय में नागरिकों द्वारा अपने मोबाइल फोन गुम होने संबंधी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। थाना लसूडिया पुलिस द्वारा साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों से उक्त मोबाइल फोन तलाश कर बरामद किए गए।
थाना लसूडिया पुलिस द्वारा साइबर सेल की तकनीकी सहायता से सैमसंग, वीवो, ओप्पो सहित विभिन्न कंपनियों के 50 से अधिक गुम मोबाइल फोन तलाश कर बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 11 लाख रुपये से अधिक है। इन मोबाइल फोन को तलाशने के लिए पुलिस टीम द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों एवं प्रदेश के बाहर जाकर भी प्रयास किए गए और सफलता प्राप्त की गई। बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई।
अपने गुम हुए मोबाइल फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी लौट आई। नागरिकों ने इंदौर पुलिस की इस सराहनीय पहल एवं तत्पर कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
जनता से अपील
आम नागरिकों से अपील है कि यदि आपका मोबाइल फोन गुम हो जाता है, तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में दें तथा मोबाइल के IMEI नंबर सहित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही, गुम मोबाइल की शिकायत भारत सरकार के आधिकारिक CEIR पोर्टल “https://www.ceir.gov.in” (https://www.ceir.gov.in) पर भी दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल को ब्लॉक कराने एवं उसकी तलाश में सहायता मिल सके।
इंदौर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।



