- ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खाते का किया खुलासा।
- I4C पोर्टल से प्राप्त डाटा के विश्लेषण में खाताधारक के विरुद्ध 04 साइबर धोखाधड़ी शिकायतों से संबंधित संदिग्ध लेन-देन पाए गए।
- दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश एवं तेलंगाना की साइबर धोखाधड़ी शिकायतों से जुड़े बैंक खाते के संबंध में आरोपी महिला के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध।
इंदौर। शहर में लोगों के साथ साइबर अपराधों व ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर द्वारा प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-02 श्री अमन सिंह राठौर एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-02 श्री अमरेन्द्र सिंह तथा एसीपी खजराना श्री आशीष पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस थाना कनाड़िया द्वारा म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कनाड़िया पुलिस द्वारा ऑपरेशन MATRIX 2.0 के अंतर्गत I4C (Indian Cyber Crime Coordination Centre) पोर्टल से प्राप्त डाटा का विश्लेषण किया गया। विश्लेषण के दौरान एक्सिस बैंक, कनाड़िया मेन रोड, नियर लक्ष्य विहार, इंदौर स्थित बैंक खाताधारक दीपिका शाजापुर के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन पाए गए।
उक्त बैंक खाते के विरुद्ध दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश एवं तेलंगाना राज्यों से संबंधित कुल 04 साइबर धोखाधड़ी शिकायतें I4C पोर्टल पर दर्ज होना पाया गया। उक्त शिकायतों के आधार पर बैंक खाते का साइबर अपराधों में संदिग्ध उपयोग सामने आने पर थाना कनाड़िया पुलिस द्वारा आरोपी महिला के विरुद्ध अपराध धारा 317(4), 317(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
*पुलिस कार्यवाही:- थाना कनाड़िया पुलिस द्वारा म्यूल बैंक खातों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही साइबर अपराधों में बैंक खातों के दुरुपयोग एवं साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
आमजन से अपील- म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता है।
अतः आमजन किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी उपलब्ध न कराएं।


