- एमआर-3 रोड पर गैस टंकी में आग लगने से घबरा गए थे लोग, पुलिस ने साहस और सूझबूझ से बुझाई आग
- पुलिस टीम की बहादुरी से सुरक्षित रहे आसपास के रहवासी, लोगों ने की पुलिस सराहना…
इंदौर पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा व कानून व्यवस्था आदि को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन पेट्रोलिंग व गश्त की जाती है। इसी तारतम्य में आज दिनांक 10 मई 2026 को अलसुबह से की जा रही प्रभात गश्त के दौरान थाना लसूड़िया क्षेत्र अंतर्गत एमआर-3 रोड पर गैस टंकी में आग लगने एवं एक व्यक्ति के झुलसने की सूचना प्राप्त हुई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी एवं दहशत का माहौल निर्मित हो गया, क्योंकि आसपास रहवासी क्षेत्र होने के साथ ही गैस लाइन भी मौजूद थी। रहवासियों को आशंका थी कि कहीं टंकी में विस्फोट न हो जाए, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना प्राप्त होते ही गश्त कर रही एसीपी हीरानगर श्रीमती रूबीना मिजवानी और लसूडिया व विजय नगर की एफआरवी तथा बीट महालक्ष्मी नगर के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे । स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ने आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस जवानों ने अत्यधिक साहस, सूझबूझ एवं तत्परता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए आग बुझाने की कार्यवाही प्रारंभ की। पुलिस टीम ने जोखिम उठाकर गैस टंकी में लगी आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
घटनास्थल से जानकारी प्राप्त हुई की एमआर3 रोड सनसिटी के पास मकान के बीच यह खाली प्लाट है जिस पर यह गुमटी के पास रखी टंकी में आग लग गई थी, जिससे वहां मौजूद भगवान सिंह पिता समर सिंह उम्र 50 साल निवासी सरस्वती नगर इंदौर भी थोड़ा झुलस गया था, घटना में झुलसे हुए घायल व्यक्ति को इलाज हेतु अस्पताल पहुंचाया गया और उक्त आग़ पर सूझबूझ और तत्परता से काबू पाया गया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं बहादुरी से आसपास के रहवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों द्वारा मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की तत्परता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता की भूरी-भूरी प्रशंसा भी की गई।





