- परीक्षार्थियों के सुगम आवगमन के लिए दिए निर्देश
आज दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित NEET एग्जाम के दौरान परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुगम एवं समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस महानगर इंदौर के द्वारा विशेष यातायात एवं सहायता व्यवस्था की गई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त श्री राजेश कुमार त्रिपाठी द्वारा शहर के प्रमुख बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों पर स्थापित यातायात सहायता केंद्रों तथा विभिन्न परीक्षा केंद्र क्षेत्रो का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षार्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान सरवटे बस स्टैंड स्थित यातायात सहायता केंद्र पर एक परीक्षार्थी, जिसका परीक्षा केंद्र सिमरोल में था, सहायता के लिए पहुंचा। यातायात सहायता केंद्र पर तैनात टीम द्वारा तत्काल व्यवस्था कर संबंधित परीक्षार्थी को बिना विलंब उसके परीक्षा केंद्र के लिए रवाना किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था, पार्किंग, यातायात डायवर्जन तथा सहायता केंद्रों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि परीक्षा समाप्त होने तक सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें तथा किसी भी परीक्षार्थी को आवागमन संबंधी असुविधा न होने दें।






