• “नशे से दूरी है ज़रूरी 0” अभियान के अंतर्गत पॉवरलिफ्टिंग प्रतियोगिता, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

 

इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत लगातार विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

इसी क्रम में आज 27 जुलाई 2026 को युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से “नशा छोड़े, खेलों से जुड़े” थीम पर इंदौर जिला सब-जूनियर एवं जूनियर पुरुष एवं महिला पॉवरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता श्रीराम जिम, रोबोट चौराहा स्थित श्रीराम स्पोर्ट्स ग्रुप कैंपस में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट एवं इंदौर कॉरपोरेशन पॉवरलिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुई।

 

कार्यक्रम में अति. पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दंडोतिया एवं पुलिस टीम ने सहभागिता करते हुए खिलाड़ियों एवं उपस्थित युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं।

 

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वही एक अन्य कार्यक्रम में अति. पुलिस उपायुक्त श्री राजेश दंडोतिया ने जैन दिवाकर विद्या निकेतन स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता संदेशों से संबंधित पुस्तिकाओं एवं कॉपियों का वितरण किया।

 

अभियान के अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं—

 

पुलिस थाना मल्हारगंज द्वारा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स कॉलेज (न्यू जीडीसी), किला मैदान में छात्राओं के साथ संवाद कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस थाना सदर बाजार द्वारा शासकीय उर्दू स्कूल, बक्षी बाग में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन का संदेश देते हुए जागरूकता सामग्री वितरित की गई।

पुलिस थाना एमआईजी द्वारा शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, नेहरू नगर, शासकीय नवीन माध्यमिक विद्यालय, मोतीलाल की चाल एवं खजराना हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक कर संदेशात्मक कॉपियों का वितरण किया गया।

पुलिस थाना हीरानगर द्वारा क्षेत्र के विद्यालय में जागरूकता सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

सभी कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वयं भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

 

साथ ही सहायता एवं परामर्श के लिए मानस हेल्पलाइन – 1933, नेशनल सुसाइड हेल्पलाइन – 14416 तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन – 14446 की जानकारी भी साझा की गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय पर उचित मार्गदर्शन एवं सहायता प्राप्त की जा सके।

keyboard_arrow_up
Skip to content