🔶 पुलिस थाना लसुड़िया ने चोरी की वारदात का खुलासा कर, सोने के बिस्किट चुराने वाला दोस्त से, 1.10 करोड़ रुपये का माल किया बरामद।
🔶 आरोपी से चोरी किए गए 630 ग्राम सोने के बिस्किट, 40 ग्राम की सोने की चेन, एक Apple iPhone 17 और 2 लाख रुपये नकद जप्त।
🔶 सरपंची का चुनाव लड़ने और महंगे शौक पूरे करने के लिए दिया था घटना को अंजाम।
इंदौर – पुलिस थाना लसूडिया पर फरियादिया रेनू शर्मा उम्र 44 वर्ष, निवासी नेपानिया मेन रोड, इंदौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 10.08.2026 से 13.09.2026 के बीच उनके घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना लसूड़िया में अपराध क्रमांक 1445/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
शहर में चोरी नकबजनी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा दिए निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमन सिंह राठौड़ को निर्देशित किया गया। इस पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 द्वारा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 श्री अमरेन्द्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त, विजयनगर श्री पराग सैनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लसूड़िया के नेतृत्व में एक टीम गठित कर लगाया गया।
टीम को विवेचना के दौरान फरियादिया ने बताया कि उनके घर से सोने का बिस्किट एवं अन्य आभूषण चोरी हुए हैं। उनके साथ रहने वाला दोस्त गोपाल जाखड़ भी घर से जाने के बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर चुका है। फरियादिया ने चोरी की घटना में अपने दोस्त गोपाल जाखड़ पर संदेह जाहिर किया।
उक्त जानकारी के आधार पर गोपाल उर्फ गोपी, जाखड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम गारासनी, थाना आसोप, जिला जोधपुर, राजस्थान को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया लगभग 630 ग्राम वजनी सोने का बार/बिस्किट, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है, 40 ग्राम वजनी सोने की चेन, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये है, 2 लाख रुपये नकद एवं एक Apple iPhone 17 जब्त किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब वह रेनू शर्मा के साथ रहता था, तब उसने घर की अलमारी में सोने का बिस्किट देखा था। अगले महीने उसके गांव में सरपंची के चुनाव होने वाले थे, जिनमें चुनाव लड़ने की योजना उसने बनाई थी। चुनाव के खर्च एवं अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने सोने का बिस्किट चोरी करने की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया। आरोपी का पुलिस रिमांड लेकर शेष माल के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी –
गोपाल उर्फ गोपी जाखड़, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम गारासनी, थाना आसोप, जिला जोधपुर, राजस्थान।
जप्त मश्रुका विवरण –
- सोने का बार/बिस्किट – 630 ग्राम, कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये।
- सोने की चेन – 40 ग्राम, कीमत लगभग 6 लाख रुपये।
- नकद राशि – 2 लाख रुपये।
- एक Apple iPhone 17।
कुल मश्रुका कीमत लगभग 1.10 करोड़ रुपये
सराहनीय भूमिका – उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी लसूड़िया निरीक्षक राजकुमार यादव एवं उनकी टीम के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक अरविंद खत्री, प्रधान आरक्षक अखिलेश मिश्रा, आरक्षक जंगजीत जाट, आरक्षक मनोज पटेल, आरक्षक रामभजन गुर्जर, आरक्षक राम कुमार तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रवीण सिंह एवं विनीत मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही। टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने एवं चोरी गए माल की बरामदगी में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।


