• प्रेरणा पब्लिक स्कूल, राऊ में छात्र-छात्राओं एवं स्काउट-गाइड कैडेट्स के लिए किया गया सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार का आयोजन। 
  • टीम ने प्रजेंटेशन के माध्यम से दी यातायात नियमों की जानकारी, सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रश्नोत्तरी में सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित। 
  • स्काउट-गाइड कैडेट्स ने आकर्षक मार्च पास्ट कर, किया यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित।

 

 

इंदौर – शहर में सुगम सुरक्षित  यातायात हेतु कार्यवाही के साथ साथ जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करने हेतु लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में “ट्रैफिक लाइट्स डे” के अवसर पर आज प्रेरणा पब्लिक स्कूल, राऊ में छात्र-छात्राओं एवं स्काउट-गाइड कैडेट्स के लिए विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री संतोष कुमार कौल एवं सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात जोन-4 ) सुश्री सुप्रिया चौधरी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार यातायात व्यवहार तथा नियमों के पालन के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट-गाइड कैडेट्स द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट से हुई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया।

इसके पश्चात एसीपी सुश्री सुप्रिया चौधरी ने वीडियो एवं प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को ड्राइविंग लाइसेंस का महत्व, विभिन्न यातायात संकेत, रोड मार्किंग, ट्रैफिक लाइट्स, पैदल यात्री सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ब्लाइंड स्पॉट, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों की सरल एवं रोचक जानकारी दी। उन्होंने एक आदर्श चौराहे का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से सड़क पार करना, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करना तथा विभिन्न सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए निर्धारित नियमों को व्यवहारिक रूप से समझाया।

इस प्रदर्शन ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों को सहज एवं प्रभावी ढंग से समझने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सही एवं प्रभावी उत्तर दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को यातायात अधिकारियों द्वारा प्रशंसा स्वरूप सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री दिनेश दुबे, श्री राजेश सोनी, अंशुमन दुबे, प्रिंसिपल श्रीमती अल्का सक्सेना, श्रीमंती वैजयंती गहलोत संयुक्त सचिव स्काउट गाइड, यश जोशी, उत्कर्ष चौधरी भारत स्काउट एंड गाइड, शिक्षकगण एवं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने यातायात पुलिस द्वारा आयोजित इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं तथा भविष्य में भी विद्यालय इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करता रहेगा।

keyboard_arrow_up
Skip to content