- तीन दिनों में 600 से अधिक वाहनों पर की नो पार्किंग की चालानी कार्यवाही…, 2000 से अधिक वाहनों को हटाया गया।
- PA सिस्टम के माध्यम से भी दी जा रही है, नियमों का पालन करने की समझाईश।
इंदौर शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दशा निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस की चारों जोन के लिए गठित विशेष पेट्रोलिंग टीमों द्वारा लगातार सुगम यातायात के लिए जागरूकता के साथ कार्यवाही की जा रही।
इन टीमों का मुख्य उद्देश्य शहर के व्यस्ततम मार्गों, प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं यातायात दबाव वाले स्थानों पर अव्यवस्थित एवं अवैध पार्किंग पर नियंत्रण कर यातायात को सुगम बनाना है।
इसी क्रम में आज दिनाँक 21 फरवरी को सभी पेट्रोलिंग टीमों द्वारा अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर यातायात दबाव एवं अव्यवस्थित पार्किंग की स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई।
- भ्रमण के दौरान आज निम्न क्षेत्रों में विशेष कार्यवाही की गई-
यातायात जोन-1 : बड़ा गणपति से सुभाष मार्ग, जिंसी चौराहा, बड़वाली चौकी, इमली बाजार, जूना रिसाला, वायरलेस चौराहा तक कार्रवाई
यातायात जोन-2 : बंगाली चौराहा से छोटा राजवाड़ा होते हुए कनाडिया रोड पुणे बंगाली से पत्रकार चौराहा तक सड़क के दोनों ओर।
यातायात जोन-3 : गीताभवन से घण्टाघर, एमजी रोड पर पलासिया से घण्टाघर, आरएनटी मार्ग, हाइकोर्ट, 56 दुकान सड़क के दोनों तरफ , पलासिया से गीताभवन, व्हाइट चर्च।
यातायात जोन-4 : भवरकुआ से टॉवर चौराहा, राजवाड़ा क्षेत्र, सराफा, मालगंज, जवाहरमार्ग, कपड़ा बाजार, खजूरी बाजार, सराफा क्षेत्र।
पेट्रोलिंग टीमों द्वारा मुख्य मार्गों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत भ्रमण करते हुए पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन/सपोर्ट वाहन, व्हील लॉक एवं पीओएस मशीन की सहायता से अवैध पार्किंग, फुटपाथ पर वाहन खड़े करने तथा सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस द्वारा पहले वाहन चालकों को समझाइश एवं चेतावनी दी गई, इसके पश्चात नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर व्हील लॉक एवं क्रेन के माध्यम से चालानी कार्यवाही की गई।
इसके अतिरिक्त, पीए सिस्टम के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की गई। यातायात पुलिस द्वारा की जा रही निरंतर कार्यवाही के परिणामस्वरूप कई क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम हुई है तथा आम नागरिकों को राहत मिली है।
इंदौर यातायात पुलिस द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने हेतु यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा आगामी दिनों में भी विभिन्न क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग एवं सख्त कार्यवाही लगातार की जाएगी।





