- हर शिकायत के समाधान हेतु इंदौर पुलिस प्रतिबद्ध — मौके पर ही अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- पारिवारिक विवाद, लेन-देन, फाइनेंशियल फ्रॉड एवं प्लॉट/मकान संबंधी शिकायतों की रही अधिकता
- मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से आपसी विवादों के शांतिपूर्ण समाधान हेतु भी निरंतर प्रयास जारी..
इंदौर । मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई के क्रम में आज दिनांक 26.05.2026 को पुलिस कमिश्नर नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा कार्यालय के सभागार में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आज आयोजित जनसुनवाई में कुल 129 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद, पैसों के लेन-देन, फाइनेंशियल फ्रॉड, सुनवाई न होने की शिकायतें, प्लॉट/मकान एवं जमीन संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा अन्य पुलिस संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
पुलिस कमिश्नर द्वारा प्रत्येक आवेदक की व्यथा एवं समस्याओं को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को समक्ष में तथा दूरभाष के माध्यम से भी आवश्यक निर्देश देते हुए प्रकरणों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय एवं राहत मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने आवेदकों की समस्याओं को विस्तार से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कराई।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर द्वारा आमजन को आश्वस्त किया गया कि इंदौर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, न्याय एवं अधिकारों के संरक्षण हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक शिकायत के संवेदनशील एवं प्रभावी निराकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है।
इसके अतिरिक्त, पुलिस द्वारा संचालित मध्यस्थता केंद्रों के माध्यम से भी आपसी एवं पारिवारिक विवादों में काउंसलिंग कर शांतिपूर्ण समाधान के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, जिससे मामलों का सौहार्दपूर्ण एवं शीघ्र निराकरण संभव हो सके।





