🔹 इंदौर पुलिस ने अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में लगाई सामाजिक जागरूकता की पाठशाला।
🔹विद्यार्थियों व एनसीसी कैडेट्स को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव एवं कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक
🔹 विद्यार्थियों को कराया थाना भंवरकुआं का भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली के साथ डायल-112 एवं ऊर्जा डेस्क से भी कराया अवगत
इंदौर। विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, सुरक्षा बोध एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने तथा पुलिस और समुदाय के बीच विश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में, इंदौर पुलिस द्वारा ‘जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रियंका डुडवे एवं उनकी टीम द्वारा श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, इंदौर में विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स के साथ संवाद कर उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, संवैधानिक मूल्य, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, सोशल मीडिया सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारियों एवं नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स को थाना भंवरकुआं का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस की भूमिका एवं आमजन की सहायता के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन सहायता सेवा डायल-112, महिलाओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए संचालित ऊर्जा डेस्क तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ममता चंद्रशेखर, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. महेश गुप्ता, एनसीसी अधिकारी डॉ. भगवत राय, राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. वैशाली रामटेके, मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. कपिल बाला पांचाल सहित अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
जागरूक युवा, सुरक्षित समाज और जिम्मेदार नागरिकता ही सशक्त एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।



