• ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म को म्यूल बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार, बैंक की चेक बुक एवं एटीएम कार्ड जप्त

 

  • दूसरे व्यक्ति के नाम पर संचालित बैंक खाते का ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर किया जा रहा था उपयोग ।

 

इंदौर शहर में साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी में उपयोग किए जाने वाले म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर दिशा-निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त जोन-02 के मार्गदर्शन में पुलिस थाना लसूड़िया द्वारा म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

 

थाना लसूड़िया पुलिस को आरोपी शुभम  मालवीय, मंदसौर के सम्बन्ध में म्यूल बैंक खातों की गतिविधियों में संलिप्त होने की सूचना मिलीं थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शुभम मालवीय को पकड़ा गया।

आरोपी के कब्जे से बैंक ऑफ इंडिया के करंट अकाउंट की चेक बुक एवं एटीएम कार्ड जप्त किए गए।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है, जिसका संचालन आरोपी स्वयं कर रहा था। आरोपी द्वारा इस बैंक खाते को ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा रहा था।

उक्त मामले में थाना लसूड़िया पर अपराध  धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस द्वारा आरोपी से बैंक खाते के संचालन, ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म से उसके संबंध तथा खाते के माध्यम से हुए वित्तीय लेन-देन के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

 

इंदौर पुलिस की आमजन से अपील–

इंदौर पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेक बुक, पासबुक अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। कमीशन, मुनाफे या अन्य किसी लालच में अपना अथवा किसी दूसरे व्यक्ति का बैंक खाता ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म या अनजान व्यक्तियों को उपलब्ध कराना आपको साइबर अपराध एवं वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में कानूनी कार्रवाई का भागीदार बना सकता है।

keyboard_arrow_up
Skip to content