- चौराहों पर यातायात संचालन के साथ ही किया सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए किया जागरूक
इंदौर । सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम/यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में इंदौर यातायात पुलिस द्वारा लगातार नित नए प्रयास कर जन-जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.
इसी कड़ी में आज एनसीसी कैडेट्स के साथ विशेष यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री विक्रम सिंह रघुवंशी की उपस्थिति में 9 एमपी बटालियन एनसीसी के कैडेट्स ने आज शाम 4:00 बजे से 6:30 बजे तक शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं एनसीसी ऑफिसर्स के साथ यातायात संचालन तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता की।
अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स को यातायात संचालन के संकेत, ट्रैफिक प्रबंधन की प्रक्रिया एवं आवश्यक सावधानियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के पश्चात कैडेट्स ने यातायात पुलिस के साथ चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, रेड लाइट जंप नहीं करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता से वाहन चालकों में यातायात अनुशासन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचा। इस पहल के माध्यम से युवाओं को भी यातायात प्रबंधन एवं नागरिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया।
यातायात पुलिस एवं एनसीसी की विभिन्न इकाइयों द्वारा आगे भी यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता के अभियानों में संयुक्त रूप से सहभागिता की जाएगी, जिससे शहर में सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।



