- जागरूकता अभियानों के माध्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों तक पहुँचाया सड़क सुरक्षा का संदेश।
- वर्ष 2026 में भी “सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा” के संकल्प को साकार करने हेतु किये जायेंगे वृहद जागरूकता कार्यक्रम।
इंदौर- शहर में सुगम व सुरक्षित यातायात हेतु नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ( अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात/जोन4) श्री आनंद कलादगी के मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन नगरीय इंदौर द्वारा वर्ष 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वर्ष 2025 के दौरान यातायात पुलिस इंदौर ने स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय-अशासकीय कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर निरंतर संवाद स्थापित किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों, नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व से अवगत कराया गया।
किये गए जागरूकता कार्यक्रम :-
- वर्ष 2025 में कुल 184 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों से 43,431 नागरिको तक यातायात पुलिस प्रत्यक्ष रूप से पहुँची।
- हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, सिग्नल अनुशासन जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
- युवाओं एवं स्टूडेंट्स को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की दिशा में संवादात्मक सत्र, प्रेजेंटेशन, डेमो एवं प्रश्न-उत्तर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
- यातायात डिजिटल स्क्रीन रथ, वाहन रैली, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, ट्रैफिक पार्क भ्रमण, स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कर लाखो लोगो को सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा का महत्व समझाया।
- यातायात व्यवस्था में आम जनमानस की सहभागिता के लिए दिनांक 25 अक्टूबर 2025 से ट्रैफिक प्रहरी अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान को इंदौर के जिम्मेदार नागरिकों द्वारा सराहा गया और अभियान से अभी तक 2545 ट्रैफिक प्रहरियों ने जुड़कर शहर के चौराहो पर अपनी सेवाएं प्रभावी रूप से दी।उत्कृष्ट सेवा देने वाले ट्रैफिक प्रहरियों को पुलिस कमिश्नर के द्वारा प्रति मंगलवार सम्मानित किया जा रहा है।
- यातायात पुलिस, नगरीय इंदौर द्वारा यातायात व्यवस्था को ओर बेहतर बनाने के उद्देश्य से व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 दिनांक 22 सितंबर 2025 को जारी किया गया। ट्रैफिक हेल्पलाइन शुरू होने से लेकर दिसम्बर 2025 तक कुल 1474 शिकायत प्राप्त हुई जिनमे से 1452 शिकायतो का त्वरित निराकरण किया गया है, शेष 22 शिकायतों पर भी कार्यवाही की जा रही है।
- दो माह में 11 हेलमेट वितरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस कमिश्नर व वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 1000 से अधिक हेलमेट जरूरतमंद वाहन चालकों को प्रदान कर “हेलमेट पहनें- सुरक्षित रहे” अभियान से नागरिकों को जोड़ा।
- सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित 11 शॉर्ट फिल्म वीडियो बनाई गई, जिसे स्कूल, कॉलेज, मॉल, संस्थानों में प्रदर्शित कर जनमानस को जागरूक किया जाएगा।
- यातायात पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मस पर यातायात व्यवस्था, जागरूकता से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से साझा किया गया जिससे अल्प समय में लाखों लोग जागरूक हुये।
- शहर यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न सूचनाओं, कार्यक्रमो के प्रचार-प्रसार में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का सराहनीय योगदान मिला।
यातायात पुलिस इंदौर द्वारा किए गए इन जागरूकता प्रयासों का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न होकर व्यवहार परिवर्तन लाना रहा, ताकि नागरिक स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनें।
यातायात पुलिस इंदौर का यह निरंतर प्रयास रहा कि सड़क सुरक्षा को एक सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित किया जाए। वर्ष 2025 में किए गए इन सराहनीय जागरूकता अभियानों के माध्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुँचाया गया।
यातायात पुलिस इंदौर भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ “सड़क सुरक्षा- जीवन रक्षा” के संकल्प को साकार करने हेतु जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखेगी।






