• पुलिस कमिश्नर इंदौर ने डेली कॉलेज में स्टूडेंट्स को जागरूक कर, बताया सड़क सुरक्षा का महत्व।

 

  • बैनर, तख्ती, पोस्टर के माध्यम से पुलिस के साथ स्टूडेंट्स, नागरिकगण व ट्रैफिक प्रहरियों ने की, आमजन से यातायात नियमों के पालन की अपील।

 

इंदौर- शहर में सुगम, सुरक्षित व सुखद यातायात हेतु, आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से, पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में अति. पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन, नगरीय इंदौर श्री आनंद  कलादगी के मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत दिनांक 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक इंदौर शहर में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। जिसमे यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा सड़क हादसों में कमी लाने व आम जनमानस में यातायात व सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनजागृति के लिए नित नए प्रयास कर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस माह के दौरान यातायात पुलिस द्वारा कुल 54 से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से लगभग 28,000 प्रत्यक्ष लाभार्थियों अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों तक सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा का संदेश पहुँचाया गया।

 

उक्त राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन पुलिस कमिश्नर इंदौर की अगुवाई में किया गया। जिसके तहत आज डेली कॉलेज इंदौर में आयोजित ट्रेफिक अवेयरनेस कार्यशाला में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा स्टूडेंट्स को सुरक्षित यातायात हेतु सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हमेशा रेड लाइट का पालन, हेलमेट व सीटबेल्ट लगाने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने जैसे बेसिक नियमों का स्वयं के साथ साथ अपने परिजनों को भी पालन करने के लिए प्रेरित करने की समझाईश दी गई और बताया इंदौर पुलिस के समन्वित प्रयासों से विगत पूर्व के वर्षों से गतवर्ष दुर्घटनाओं और इनमें मृत्यु की घटनाओं में कमी आई है, जिसे हम सभी के प्रयासों से इसे बिल्कुल नगण्य किया जा सकता है, इसलिए अपनी व दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा सड़क सुरक्षा नियमों का ध्यान रखें।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात इंदौर श्री आनंद कलादगी सहित ट्रैफिक के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात हेतु इंदौर पुलिस प्रतिबद्ध व प्रयासरत है जिसके तहत ही सुरक्षा माह में यातायात पुलिस द्वारा आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु निम्न प्रयास किये गए-

 

  • स्कूल-कॉलेज एवं विभिन्न संस्थानों में “ट्रैफिक की पाठशाला”, ट्रैफिक पार्क भ्रमण,नुक्कड़ नाटक तथा सांप-सीढ़ी जैसे रोचक खेलों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को सरल एवं प्रभावी ढंग से यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

 

  • यातायात रथ एवं डिजिटल रथ के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर फोटो-वीडियो प्रेजेंटेशन, सड़क सुरक्षा गीत, रोड सेफ्टी फिल्म आदि के द्वारा नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।

 

  • वाहन चालकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण, महिला स्कूटर रैली, बाइक रैली, पैदल रैली कार्यक्रमों का आयोजन कर सड़क सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया गया।

 

  • वाहन चालकों को हेलमेट के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए जरूरतमंदों चालको के लिए हेलमेट वितरण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। जो वाहन चालक जिम्मेदारी पूर्वक नियमों का पालन कर रहे थे उन्हें उपहार प्रदान कर प्रोत्साहित भी किया गया।

 

  • शहर के जिम्मेदार नागरिक भी सड़क सुरक्षा जागरूकता में अपना योगदान दे, इसलिए ट्रैफिक प्रहरी अभियान से 2970 लोग जुड़कर अपनी सेवाएं भी दे रहे हैं।

 

  • गणतंत्र दिवस के अवसर पर विशेष रूप से सड़क सुरक्षा झांकी निकाली गई, जिसके माध्यम से हजारों नागरिकों को “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के महत्व से अवगत कराया गया।

 

  • वहीं दूसरी ओर जागरूकता के साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों पर सख्त यातायात कार्रवाई के साथ-साथ अनाउंसमेंट के माध्यम से समझाइश कर नागरिकों को नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

 

सड़क सुरक्षा माह के समापन पर आज दिनांक को सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा के उद्देश्य से एक भव्य सड़क सुरक्षा जागरूकता पैदल रैली का आयोजन भी किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, ट्रैफिक प्रहरी, जिम्मेदार नागरिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शामिल होकर अपने हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेशों वाली तख्तियाँ लेकर आमजन एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन की अपील की।

इस जागरूकता पैदल रैली को पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रबंधन श्री आनंद कलादगी  द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। और कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और अनमोल जीवन की रक्षा संभव है।

 

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान किए गए इन सतत प्रयासों से लाखों नागरिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं, तथा शहर में सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया है।

इंदौर यातायात पुलिस द्वारा भविष्य में भी सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content