• कैंप में बच्चों को योग, व्यक्तित्व विकास, साइबर सुरक्षा, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति की दी गई सीख
  • समापन अवसर पर बच्चों को प्रमाण-पत्र, मिठाइयाँ एवं उपहार से उत्साहवर्धन के साथ ही, एक अच्छे नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित।
  • इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत संचालित संजीवनी बाल मित्र केंद्र, छत्रीपुरा में आयोजित 07 दिवसीय समर कैंप का उत्साहपूर्ण एवं सफल समापन किया गया।

 

इंदौर पुलिस द्वारा कमजोर वर्ग के जरूरतमंद एवं उपेक्षित बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति से जोड़ने के लिए उक्त केंद्र का संचालन किया जा रहा है। जिसके तहत ही पुलिस आयुक्त इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में केंद्र में विभिन्न  कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त जोन-4 श्री सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री दिशेष अग्रवाल, नोडल अधिकारी सामुदायिक पुलिसिंग श्रीमती सीमा अलावा, सहायक पुलिस आयुक्त सराफा श्री विजय तिवारी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी छत्रीपुरा श्री संजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में बच्चों के लिए एक 7 दिवसीय समर कैंप आयोजन किया गया था, जिसमें शिविर का संचालन प्रधान आरक्षक श्री संजय राठौर द्वारा किया गया।

 

समर कैंप के दौरान बच्चों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिनमें—

 

* योग एवं ध्यान

* कला एवं शिल्प

* चित्रकला प्रतियोगिता

* महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा एवं उच्च आदर्श

* साइबर अपराधों से बचाव

* नशे के दुष्परिणाम

* गुड टच-बैड टच एवं पॉक्सो अधिनियम

* बाल अधिकार एवं संरक्षण

जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।

 

कैंप के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं अतिथि वक्ताओं ने बच्चों को अपने अनुभवों एवं ज्ञान से लाभान्वित किया। इनमें सहायक पुलिस आयुक्त सराफा श्री विजय तिवारी, थाना प्रभारी छत्रीपुरा श्री संजीव श्रीवास्तव, जिला अभियोजन अधिकारी श्री अभिजीत सिंह राठौड़, योगाचार्य श्री श्रवण कुमार शर्मा, डॉ. रूपाली राठौर, हाईकोर्ट अधिवक्ता श्री कृष्ण कुमार कुन्हारे, एडीपीओ श्रीमती सुशीला राठौर, श्रीमती कुसुम शर्मा, श्रीमती ललिता राठौर (बाल कल्याण समिति), श्रीमती नेहा शर्मा (ऊर्जा एनजीओ), श्री कपिल शर्मा एवं श्री उत्कर्ष चौधरी शामिल रहे।

 

समापन समारोह में बच्चों को प्रमाण-पत्र, मिठाइयाँ एवं विभिन्न उपयोगी उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों ने भी कैंप के दौरान सीखी गई गतिविधियों एवं अनुभवों को साझा किया।

 

👉 उल्लेखनीय है कि संजीवनी बाल मित्र केंद्र, छत्रीपुरा इंदौर पुलिस की एक अनूठी एवं प्रेरणादायी पहल है, जो वर्ष 2005 से निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य अपराध प्रभावित अथवा सामाजिक रूप से वंचित परिवारों के बच्चों को सकारात्मक दिशा प्रदान करना, उन्हें शिक्षा, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना तथा उन्हें जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनाना है। अब तक इस केंद्र के माध्यम से 7,000 से अधिक बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा चुका है।

 

इंदौर पुलिस की यह पहल सामुदायिक पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

keyboard_arrow_up
Skip to content