🔸‘विद्यार्थियों ने बनाई मानव श्रृंखला और हस्ताक्षर कर लिया, नशामुक्त समाज का संकल्प
इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत लगातार नवाचारपूर्ण जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) सुश्री संध्या राय, सहायक पुलिस आयुक्त गांधी नगर श्रीमती निधि सक्सेना एवं उनकी टीम द्वारा ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल कॉलेज, गांधी नगर, इंदौर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करने के साथ ही उन्हें नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, उसके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है।
इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लगभग 300 छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई मानव श्रृंखला रही, जिसके माध्यम से सभी ने एक स्वर में “नशे से दूरी है ज़रूरी” का संदेश देकर समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त पुलिस टीम द्वारा नशामुक्ति हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।






