- शहर के विभिन्न स्कूलों में वितरित की 16 हजार जागरूकता शैक्षणिक कॉपियां, पढ़ाई के साथ मिलेगा ‘Say no to Drugs’ का संदेश
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत शहरभर में निरंतर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 29 जुलाई को अति. पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दंडोतिया एवं उनकी टीम द्वारा स्वामी विवेकानंद स्कूल में विद्यार्थियों के मध्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के संदेशों एवं नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी से युक्त विशेष शैक्षणिक कॉपियों का वितरण भी किया गया, ताकि वे प्रतिदिन अध्ययन के साथ-साथ नशामुक्त जीवन का संदेश भी आत्मसात कर सकें।
इसी प्रकार महिला थाना की टीम द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय, विजय नगर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई। साथ ही जागरूकता संदेशों से युक्त शैक्षणिक कॉपियों का वितरण कर विद्यार्थियों को समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान लगभग 16,000 जागरूकता शैक्षणिक कॉपियों का वितरण किया गया। इन कॉपियों पर अंकित संदेश विद्यार्थियों को प्रतिदिन नशे के दुष्प्रभावों की याद दिलाएंगे तथा उन्हें स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ समाज में भी नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित करेंगे।
इंदौर पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान का एक सशक्त संदेशवाहक बने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक कर नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाए।






