📍हर विद्यालय, हर परिवार और हर नागरिक तक पहुँच रहा संदेश— “नशे से दूरी है ज़रूरी”
📍युवा शक्ति से लेकर, बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तक ने इंदौर पुलिस के साथ लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़ने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज अति पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री मयंक अवस्थी ने Intellect Heights Academy में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
वहीं अति पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा शाखा) श्रीमती संध्या राय एवं उनकी टीम द्वारा पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे इंदौर पुलिस के ‘सृजन’ कार्यक्रम से जुड़ी बालिकाओं एवं समाज के अन्य वर्गों तक भी नशामुक्ति का संदेश पहुँचाएँ। इस अवसर पर सभी ने नशे से दूर रहने की शपथ ली तथा मानव श्रृंखला बनाकर समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प भी दोहराया।
इसी कड़ी में प्रेस्टीज कॉलेज के लॉ डिपार्टमेंट में आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती संध्या राय एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के साथ-साथ नशीले पदार्थों से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी तथा उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना एम.जी. रोड द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय सुभाष चौक, थाना तिलक नगर द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पिपलियाहाना, थाना रावजी बाजार द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जबरन कॉलोनी एवं प्रकाश का बगीचा, तथा थाना परदेशीपुरा द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय कुलकर्णी का भट्टा में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। वहीं थाना छत्रीपुरा द्वारा बियाबानी रोड तथा महिला थाना द्वारा पलासिया चौराहे पर आम नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।
सभी कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं टीमों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी देते हुए सभी को स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त करने हेतु मानस हेल्पलाइन – 1933, नेशनल सुसाइड हेल्पलाइन – 14416 तथा नशा मुक्ति हेल्पलाइन – 14446 की जानकारी भी साझा की गई।






