• इंदौर पुलिस की अभिनव पहल – ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप में शुरू हुआ ‘Civilian Reports’ फीचर,
  • यातायात नियमों के उल्लंघन की फोटो/वीडियो सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे आम नागरिक
  • जिम्मेदार नागरिकों को हर सप्ताह किया जाएगा पुरस्कृत

 

इंदौर, दिनांक 14 नवंबर 2026।  शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित बनाने तथा यातायात नियमों के प्रभावी पालन में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा एक अभिनव पहल की शुरुआत की गई है। अब शहर के नागरिक भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की सूचना सीधे यातायात पुलिस तक पहुंचाकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सक्रिय भागीदार बन सकेंगे।

पुलिस कमिश्नर नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में इंदौर यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा संचालित ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप में ‘Civilian Reports (जन-सूचना)’ नामक नया फीचर प्रारंभ किया गया है। इसके माध्यम से आम नागरिक सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन होते देखने पर संबंधित घटना की फोटो अथवा वीडियो सीधे यातायात पुलिस को भेज सकेंगे।

 

पुलिस कमिश्नर ने स्वयं फोटो भेजकर किया नए फीचर का शुभारंभ-  इस अभिनव पहल का शुभारंभ आज दिनांक 14.11.2026 को आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक लापरवाह वाहन चालक का फोटो स्वयं ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप के माध्यम से भेजकर इस सुविधा की शुरुआत की।

 

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना पुलिस के साथ साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस निरंतर प्रयासरत है, लेकिन जब आम नागरिक भी इस व्यवस्था के सक्रिय भागीदार बनेंगे, तभी शहर में वास्तविक यातायात अनुशासन स्थापित किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप में शुरू किया गया ‘Civilian Reports’ फीचर इसी जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से नागरिक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की फोटो अथवा वीडियो पुलिस तक पहुंचाकर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग कर सकेंगे। प्राप्त सूचनाओं का परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

 

ऐसे करें यातायात नियमों के उल्लंघन की रिपोर्ट-  यदि कोई नागरिक सड़क पर किसी वाहन चालक को यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए देखता है, तो वह  स्वयं जोखिम लेकर किसी से विवाद अथवा टकराव न करें, बल्कि सुरक्षित तरीके से  अपने मोबाइल कैमरे से संबंधित घटना की फोटो अथवा वीडियो लेकर ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप में उपलब्ध ‘Civilian Reports’ फीचर के माध्यम से अथवा यातायात हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर भी सूचना दे सकेंगे। प्राप्त सूचनाओं का यातायात पुलिस द्वारा परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन किया जाएगा तथा उल्लंघन प्रमाणित पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

जिम्मेदार नागरिकों को मिलेगा सम्मान, हर सप्ताह होंगे पुरस्कृत-  इस पहल को जन-अभियान का स्वरूप देने और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। यातायात नियमों के उल्लंघन की प्रमाणिक एवं उत्कृष्ट सूचनाएं देने वाले जिम्मेदार नागरिकों को प्रत्येक सप्ताह पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को केवल स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहभागी बनाना तथा समाज में यातायात अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

 

QR कोड स्कैन करें और डाउनलोड करें ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप-   नागरिक दिए गए QR कोड को स्कैन कर अथवा Google Play Store एवं Apple App Store से ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। ऐप के ‘Civilian Reports’ फीचर के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन की सूचना देकर शहर को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।

 

 

कार्यक्रम के दौरान  DFly एविएशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट द्वारा विकास जी के ट्रैफिक जागरूकता गीत पर आकर्षक प्रस्तुति देकर सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। वहीं पपेट आर्टिस्ट श्री अंकित सिसोदिया ने  चिंटू के साथ अपनी रोचक प्रस्तुति के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा के इस जन-जागरूकता अभियान में इन सभी के योगदान की सराहना करते हुए सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन श्री राजेश त्रिपाठी सहित यातायात प्रबंधन पुलिस के अन्य अधिकारी, यातायात प्रहरी, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिकगण भी उपस्थित रहे।

 

इंदौर यातायात प्रबंधन पुलिस की अपील – यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस की कार्रवाई से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूकता, जिम्मेदारी एवं सहभागिता से सुनिश्चित हो सकता है। अतः स्वयं यातायात नियमों का पालन करें, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें और ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप के माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

keyboard_arrow_up
Skip to content