- ‘सेफ क्लिक2. 0′ अभियान के तहत इंदौर पुलिस की पहल में , नागरिकों ने बढ़ाए कदम साइबर जागरूकता की ओर…
- *इंदौर पुलिस की साइक्लोथॉन में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने दिया “सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन” का संदेश*
इंदौर। वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने एवं आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “Safe Click 2.0” अभियान के अंतर्गत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नित नए प्रयास कर लगातार विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 28 जून 2026 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा “साइक्लोथॉन – Pedal for Safety, Pedal for Awareness” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्री राजेश त्रिपाठी, पुलिस उपायुक्त ज़ोन-03 श्री अभिषेक रंजन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध श्रीमती मीना चौहान, विभिन्न एसीपी, थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
साइक्लोथॉन में शहर के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विशेष बात यह रही कि इस आयोजन में छोटे-छोटे बच्चों से लेकर लगभग 70 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक सहित, महिलाओं एवं युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और साइकिल रैली के माध्यम से साइबर सुरक्षा एवं “Safe Click” का संदेश दिया।
रैली प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ जुम्बा सेशन में भाग लेकर वॉर्म-अप किया।
इसके पश्चात अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह ने साइक्लोथॉन को सेफ़ क्लिक की झंडी दिखाकर रवाना किया।
साइकिल रैली आई लव इंदौर सेल्फी प्वाइंट (पलासिया चौराहा) से प्रारंभ होकर घंटाघर चौराहा, हाईकोर्ट, रीगल चौराहा एवं राजवाड़ा से होते हुए पुनः पलासिया पर आकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का साइबर जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों व शहर वासियों से अपील करी कि, वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया धोखाधड़ी जैसी साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक करें।
साइक्लोथॉन के समापन के पश्चात अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों के साथ साइबर सुरक्षा संबंधी प्रश्नोत्तरी (क्विज़) का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्नों के सही एवं सटीक उत्तर दिए। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को फूल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में साइक्लोथॉन में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों तथा आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस ने नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि—
डिजिटल दुनिया में सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है, इसलिए हमेशा करें Safe click
“सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन”
सोचें – समझें – क्लिक करें






