- म्यूल बैंक खाते के जरिए अंतरराज्यीय साइबर ठगी का खुलासा, खाताधारक सहित अन्य के विरुद्ध FIR दर्ज
- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के इंदौर स्थित खाते का साइबर धोखाधड़ी में किया जा रहा था इस्तेमाल।
- राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ में खाते से जुड़ी साइबर क्राइम पोर्टल पर मिलीं दो शिकायतें।
- I4C एवं राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से प्राप्त संदिग्ध खातों के डेटा का विश्लेषण कर क्राइम ब्रांच ने उजागर किया साइबर ठगी का मामला।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के दिशा-निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी तारतम्य में OPERATION MATRIX के तहत I4C (भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र), गृह मंत्रालय एवं राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से प्राप्त संदिग्ध म्यूल बैंक खातों के डेटा का क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा सूक्ष्मता से विश्लेषण एवं परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, शाखा संयोगितागंज, इंदौर में तुषार खेड़े इंदौर के नाम से संचालित बैंक खाते का उपयोग साइबर धोखाधड़ी की गतिविधियों में किए जाने की जानकारी सामने आई।
साइबर क्राइम पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच में उक्त बैंक खाते से संबंधित राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ में दो साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज होना पाया गया। इस प्रकार इंदौर में संचालित बैंक खाते का उपयोग अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी में किए जाने के तथ्य सामने आए।
प्राप्त तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना अपराध शाखा इंदौर में अपराध धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत खाताधारक एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध FIR दर्ज कर प्रकरण विवेचना में लिया गया है।
प्रकरण में बैंक खाते के वास्तविक संचालक, खाते के माध्यम से हुए संदिग्ध लेन-देन तथा साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।


