- अवैघ मादक पदार्थों की गतिविधियों के विरुद्ध कार्यवाही की दिशा में, ये डिटेक्शन किट साबित होगी आधुनिक तकनीक का सशक्त हथियार
इंदौर। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही तथा NDPS अधिनियम के प्रकरणों की विवेचना को अधिक वैज्ञानिक, सटीक एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सभी पुलिस थानों एवं जोन को नारकोटिक्स ड्रग डिटेक्शन किट उपलब्ध कराई गई है। इन आधुनिक किटों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को चरणबद्ध रूप से विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) नगरीय इंदौर श्री आर के सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस कमिश्नरेट के प्रत्येक जोन में फॉरेंसिक एवं वैज्ञानिक अधिकारियों द्वारा संबंधित थानों के विवेचकों के लिए नारकोटिक्स ड्रग डिटेक्शन किट संचालन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
प्रशिक्षण के दौरान वैज्ञानिक अधिकारियों द्वारा विवेचकों को किट के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक उपयोग, परीक्षण की प्रक्रिया, विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की प्रारंभिक पहचान तथा परीक्षण के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस प्रशिक्षण के उपरांत पुलिस अधिकारी एवं विवेचक जब्त किए गए संदिग्ध मादक पदार्थों की मौके पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच कर सकेंगे। इससे NDPS मामलों की विवेचना अधिक त्वरित, सटीक, पारदर्शी एवं साक्ष्य-आधारित होगी तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
गौरतलब है कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट, मध्यप्रदेश का प्रथम जिला है, जहाँ सभी पुलिस थानों को नारकोटिक्स ड्रग डिटेक्शन किट उपलब्ध कराई गई है। यह पहल न केवल आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों की प्रभावी रोकथाम एवं वैज्ञानिक अनुसंधान को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।






