- घर से लगातार हो रही चोरी का पुलिस थाना लसूडिया ने किया खुलासा
- करीब ₹3 लाख कीमत के सोने के डायमंड जड़ित जेवरात व अन्य सामान बरामद
- दो वर्षों से अलग-अलग समय पर घर से चोरी हो रही थी कीमती वस्तुएं
इंदौर। थाना लसूडिया क्षेत्र अंतर्गत स्कीम नंबर 78 में एक घर से पिछले करीब दो वर्षों से लगातार अलग-अलग कीमती वस्तुओं की चोरी के मामले का थाना लसूडिया पुलिस ने खुलासा करते हुए पूर्व महिला घरेलू कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से चोरी किए गए सोने के डायमंड जड़ित जेवरात, कीमती लेडिस चश्मा एवं अन्य घरेलू सामान, कुल कीमत करीब ₹3 लाख, विधिवत जप्त किया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण –
फरियादी संजय झालानी, उम्र 62 वर्ष, निवासी शालीमार टाउनशिप, इंदौर द्वारा थाना लसूडिया पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी माताजी स्कीम नंबर 78 स्थित मकान में रहती हैं। वर्ष 2024 से उनकी माताजी के घर से अलग-अलग समय पर सोने की डायमंड जड़ित पैंडल वाली चैन, सोने की डायमंड जड़ित अंगूठी, कीमती चश्मा एवं अन्य घरेलू सामान लगातार चोरी हो रहा है।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना लसूडिया में अपराध धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
Instagram पोस्ट से खुला चोरी का राज
प्रकरण की विवेचना के दौरान फरियादी से पूछताछ में पता चला कि उनकी मां के घर पर पूर्व में घरेलू काम करने वाली महिला पूनम चाकर, उम्र 40 वर्ष, निवासी इंदौर पर संदेह जाहिर किया गया।
इसी दौरान फरियादी की पत्नी ने पूर्व महिला कर्मचारी पूनम की Instagram ID पर एक फोटो देखी, जिसमें वह वही सोने की डायमंड जड़ित पैंडल वाली चैन पहने हुए दिखाई दी, जो फरियादी की मां के घर से चोरी हुई थी। इस महत्वपूर्ण सूचना से पुलिस को मामले की जांच में अहम सुराग मिला।
पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर पूनम से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसके द्वारा फरियादी की मां के घर से अलग-अलग समय पर सोने की डायमंड जड़ित चैन, सोने की डायमंड जड़ित अंगूठी, कीमती लेडिस चश्मा एवं अन्य घरेलू सामान चोरी करना स्वीकार किया गया।
आरोपिया की निशानदेही पर चोरी किया गया उक्त सामान, जिसकी कुल कीमत करीब ₹3 लाख है, विधिवत जप्त किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपिया पूनम करीब 3 वर्षों से फरियादी की माताजी के घर घरेलू कामकाज करने आती थी तथा करीब 2 माह पूर्व ही उसने वहां काम करना बंद किया था।
उक्त रिपोर्ट पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसीपी विजयनगर श्री पराग सैनी द्वारा थाना प्रभारी लसुड़िया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर प्रकरण की विवेचना एवं आरोपी की पतारसी की गई, जिसके परिणामस्वरूप चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपिया को गिरफ्तार किया गया तथा चोरी का सामान बरामद किया गया।
थाना लसूडिया पुलिस द्वारा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।


