🚨 “ड्रग्स के विरुद्ध एकजुट हुआ पुलिस परिवार” — ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत 550 से अधिक पुलिसकर्मियों व नगर सुरक्षा समिति सदस्यों ने ली शपथ
इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के अंतर्गत लगातार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां की जा रही है। इसकी के अनुक्रम में आज दिनांक 24 जुलाई को डीआरपी लाइन, इंदौर में एक प्रेरक शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अति पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) नगरीय इंदौर श्री आर.के. सिंह की विशेष उपस्थिति में अति पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दंडोतिया सहित 550 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर अति पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्रग्स एवं अन्य प्रकार के नशे का दुष्प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका परिवार, समाज और पूरा देश इससे प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजागरूकता और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से ही इसे प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी को नशे के विरुद्ध जागरूकता की शपथ दिलाते हुए, आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा प्रत्येक नागरिक को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
शपथ के पश्चात पुलिसकर्मियों व नगर सुरक्षा समिति सदस्यों ने एक जनजागरूकता रैली निकालकर, आमजन को नशे से दूरी है जरूरी… का संदेश भी दिया।
इंदौर पुलिस के इन जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर “नशामुक्त इंदौर, सुरक्षित इंदौर” के संकल्प को साकार करना है।






