▪️*इंदौर पुलिस ने अधिवक्ताओं और स्टाफ को दिए साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स*

 

इंदौर। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा ‘Safe Click 2.0’ अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां का आयोजन किया जा रहा है।

 

इसी कड़ी में आज हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, इंदौर में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध श्री राजेश दंडोतिया ने उपस्थित अधिवक्ताओं एवं बार एसोसिएशन के स्टाफ को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, फेक निवेश योजनाओं, ओटीपी और स्क्रीन शेयरिंग एप्स के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को डिजिटल दुनिया में सतर्क और सजग रहने की आवश्यकता है।

 

उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं एवं स्टाफ ने साइबर सुरक्षा संबंधी विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

 

इंदौर पुलिस का ‘Safe Click 2.0’ अभियान लगातार शहर के विभिन्न संस्थानों, शैक्षणिक परिसरों और सामाजिक संगठनों तक पहुंचकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल जीवन के लिए जागरूक करने का कार्य कर रहा है।

keyboard_arrow_up
Skip to content