◆ इंदौर पुलिस की साइबर जागरूकता मैराथन में युवाओं, बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता।
◆ 6 हजार से अधिक नागरिकों ने उत्साह से भाग लेकर, साइबर सुरक्षा के लिए दिया “सेफ क्लिक, सुरक्षित जीवन” का संदेश
इंदौर। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “SAFE CLICK 2.0” अभियान के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार नवाचारपूर्ण जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आज दिनांक 05 जुलाई 2026 को प्रातः 6 बजे नेहरू स्टेडियम, इंदौर से एक भव्य साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया।
मैराथन का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं अतिथियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर किया।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित इस इस मैराथन में 6,080 से अधिक इंदौरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 6 किलोमीटर की इस मैराथन में नेहरू स्टेडियम से जीपीओ, नवलखा, भंवरकुआं चौराहा होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम तक निर्धारित मार्ग में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए पूरे जोश के साथ दौड़ लगाई और समाज को यह संदेश दिया कि – “सेफ क्लिक, सुरक्षित जीवन”।
मैराथन प्रारंभ होने से पूर्व पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर (का./व्य.) श्री मयंक अवस्थी, एडिशनल कमिश्नर (अप./मुख्या.) श्री आर.के. सिंह, डीसीपी ज़ोन-03 श्री अभिषेक रंजन, डीसीपी क्राइम श्री राजेश कुमार त्रिपाठी, एडिशनल डीसीपी श्री ओमप्रकाश, एडिशनल डीसीपी श्रीमती मीना चौहान, एडिशनल डीसीपी श्री राजेश दंडोतिया, उद्योगपति श्री विनोद अग्रवाल, मेदांता हॉस्पिटल के डॉ भरत रावत, CA श्री संकेत भंडारी, इंदौरी सुबह के श्री नितिन चतुर्वेदी सहित एसीपी, थाना प्रभारी गण एवं अन्य अधिकारीगण और इंदौर के जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।
मैराथन प्रारंभ होने से पूर्व प्रतिभागियों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार करने के लिए विशेष जुंबा (Zumba) सत्र का आयोजन भी किया गया। प्रशिक्षकों के निर्देशन में हजारों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक जुंबा कर स्वयं को फिटनेस और साइबर जागरूकता के इस अभियान से जोड़ा। इस अनूठी पहल ने कार्यक्रम में और अधिक जोश एवं ऊर्जा का संचार किया।
सभी अतिथियों एवं अधिकारियों ने स्वयं भी मैराथन में भाग लेकर नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रमाण-पत्र (Certificates) वितरित कर सम्मानित किया गया।
इंदौर पुलिस का यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में एक जन-आंदोलन बनकर उभरा, जिसमें हजारों नागरिकों ने एकजुट होकर डिजिटल सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाने का संकल्प लिया।






