👮🏻♂️👮 पुलिस कर्मियों ने स्वयं जागरूक रहने एवं समाज को साइबर अपराधों से बचाने का लिया संकल्प
इंदौर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “Safe Click 2.0” अभियान के अंतर्गत, इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा निरंतर नवाचार करते हुए शहरभर में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 01 जुलाई 2026 को पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अप./मुख्या.) नगरीय इंदौर श्री आर. के. सिंह, पुलिस उपायुक्त ज़ोन 02 श्री अमन सिंह राठौड़ सहित कार्यालयीन अधिकारियों/ कर्मचारियों ने पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में प्रत्येक माह के प्रथम दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
इसके पश्चात पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता की शपथ दिलाई गई कि, वे डिजिटल एवं ऑनलाइन माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करेंगे, अपनी निजी एवं गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करेंगे तथा साइबर अपराधों के प्रति सदैव सतर्क एवं जागरूक रहेंगे। साथ ही अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाने का हर संभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कहा कि, वे स्वयं “साइबर सुरक्षा दूत” बनकर समाज में डिजिटल सुरक्षा का संदेश पहुंचाएं।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित “Safe Click 2.0” अभियान के माध्यम से लगातार विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों, संवाद कार्यक्रमों, शपथ आयोजनों एवं नवाचारों के जरिए नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि एक सुरक्षित, जागरूक और सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।






