• ट्रैफिक प्रहरियों ने यातायात पुलिस के साथ रैली निकाल चलाया जागरूकता अभियान

 

  • डिजिटल रथ, तख्ती, पम्पलेट के माध्यम से हजारों वाहन चालकों को जागरूक किया।

 

इन्दौर। पुलिस आयुक्त श्री सन्तोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आरके सिंह तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम/यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात प्रबंधन पुलिस,  इंदौर द्वारा सड़क सुरक्षा के साथ-साथ “सेफ क्लिक 2.0” सायबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत आमजन को साइबर अपराधों से बचाव हेतु लगातार जागरूक किया जा रहा है।

 

इसी क्रम में सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत विशेष जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया, जहां सड़क सुरक्षा के साथ साइबर सुरक्षा की गूंज भी सुनाई दी। रेड लाइट के दौरान स्टॉप लाइन के पीछे खड़े वाहन चालकों को ट्रैफिक प्रहरी संस्था एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा तख्तियों के माध्यम से सायबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट भी वितरित किए गए, जिनमें ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, OTP फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, QR कोड स्कैम, KYC फ्रॉड आदि से बचाव के सरल एवं प्रभावी उपाय बताए गए।

इस अवसर पर वाहन चालकों से अपील की गई कि साइबर अपराधों से बचाव केवल जागरूकता और सतर्कता से ही संभव है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध सायबर गतिविधि की जानकारी तत्काल राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.inपर दें। साथ ही सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया कि वे स्वयं सुरक्षित रहें तथा सायबर सुरक्षा से जुड़े इन महत्वपूर्ण संदेशों को अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ साझा कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।

अभियान के दौरान हजारों वाहन चालकों तक सायबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। यातायात प्रबंधन पुलिस महानगर इंदौर द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि नागरिक सुरक्षित यातायात के साथ सुरक्षित डिजिटल जीवन भी अपना सकें।

keyboard_arrow_up
Skip to content